Uttar Pradesh : बुलंदशहर में लेखपाल परीक्षा में पकड़ा गया मुन्ना भाई, दूसरे की जगह दे रहा था परीक्षा

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में गुरुवार को आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा के दौरान एक मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया। कस्बा जहांगीराबाद के शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे युवक योगेश कुमार को बायोमेट्रिक सत्यापन में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद पकड़ा गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा नामित कार्यदायी संस्था के बायोमेट्रिक निरीक्षण के समय परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या 22 में छात्र राहुल कुमार संदिग्ध पाया गया। आयोग को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद संबंधित छात्र की रिपोर्ट प्राप्त हुई जिसमें आधार बायोमेट्रिक मिसमैच बताया गया।

रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि राहुल कुमार के स्थान पर योगेश कुमार पुत्र लेजम सिंह, निवासी गांव सलीमपुर करखा, तहसील शिकोहाबाद जिला फिरोजाबाद परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दोपहर करीब 12 बजे संदिग्ध युवक के बारे में सूचना मिली थी।

सूचना प्राप्त होने पर परीक्षा केंद्र पर नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की। योगेश कुमार को जहांगीराबाद कोतवाली थाना प्रभारी को सौंप दिया गया है, ताकि उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

जनपद बुलंदशहर में लेखपाल मुख्य परीक्षा 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 8856 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7108 उपस्थित रहे और 1748 अनुपस्थित थे। उपस्थिति प्रतिशत 80.26 रहा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img