उत्तर प्रदेश : हापुड़ में घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और अगवा करने का प्रयास

Hapur News : हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में एक मोहल्ला निवासी महिला के घर में घुसकर कुछ लोगों ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे अगवा करने का प्रयास का आरोप लगाया है। इस घटना को पुरानी रंजिश के तहत चल रहे मुकदमों में फैसला नहीं करने पर अंजाम दिया गया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़िता ने एसपी के आदेश पर देहात थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि मोहल्ले के ही रहने वाले साहिल, राहिल और पप्पू वर्ष 2015 से उसे और उसके परिवार को परेशान करते हुए चले आ रहे हैं। इस संबंध में दो एनसीआर थाने में दर्ज कराई जा चुकी है। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

आरोप है कि कि 31 अक्टूबर की रात तीनों आरोपी अपने एक साथी के साथ ई-रिक्शा लेकर उसके घर के सामने पहुंच गए। आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचते ही गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने के बाद सभी आरोपी जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता की पुत्री के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसको अगवा करने का प्रयास किया। पुत्री का शोर सुनने के बाद जब वह मौके पर पहुंची तो उसे बचाने का प्रयास किया। आरोपियों ने मुकदमा में फैसला नहीं करने पर उसकी पुत्री के साथ गलत हरकत करने की धमकी दी। जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी।

थाना देहात प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img