राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में गंगा तट पर बड़ा हादसा टला, अस्थियां विसर्जन के दौरान 4 श्रद्धालु डूबे, गोताखोरों ने बचाया

Hapur News : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र स्थित ब्रजघाट गंगा तट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्थियां विसर्जन करने आए चार युवक गंगा के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे, जिन्हें मौके पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी तनिष, पीयूष, सुमित और प्रदीप अपने परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए ब्रजघाट पहुंचे थे। अस्थियां विसर्जन के दौरान चारों युवक धीरे-धीरे गंगा के बीच तेज बहाव की ओर पहुंच गए। अचानक धारा तेज होने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। युवकों की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद नाविक और गोताखोर तुरंत गंगा में कूद पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे में प्रदीप की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि स्नान और अस्थि विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। सभी युवकों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया है। परिजनों को सूचना देकर बुला लिया गया है और अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान या अस्थि विसर्जन करते समय गहराई और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Related Articles

Back to top button