Uttar Pradesh : बुलंदशहर में महिला कांग्रेस का सम्मेलन, 21 जुलाई को संसद घेराव में बड़ी भागीदारी का आह्वान

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : जनपद के कस्बा शिकारपुर में रविवार को महिला कांग्रेस का विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को शीघ्र लागू किए जाने की मांग और महिलाओं की राजनीति में स्थिति तथा आरक्षण पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी और राष्ट्रीय संयोजक ज्योत्सना गोगिया ने कहा कि संसद द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को राजनीति में उनका उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है।
नेत्रियों ने उपस्थित महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 21 जुलाई को नई दिल्ली में महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित संसद घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने कहा कि महिलाओं की आवाज को बुलंद करने और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू कराने के लिए यह आंदोलन ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं का हित हमेशा कांग्रेस में सुरक्षित है।
कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने कहा कि वह मजबूती से महिलाओं की आवाज उठाएंगी और गांव-गांव जाकर पार्टी से महिलाओं को जोड़ेंगी।
सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा, जिला कॉर्डिनेटर राजकुमार पंडित, भजनलाल विमल, सचिन वशिष्ठ, ममता, निशा, पूजा, चंचल, विशाखा, सीमा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





