Hapur : मानसून से पहले हापुड़ में नगर पालिका परिषद के अधिकारीयों ने नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को गोल मार्केट क्षेत्र में बुलडोजर की मदद से नालों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान नालों के ऊपर रखे सामान, टीन शेड और अन्य अवरोधों को हटाकर सफाई का मार्ग प्रशस्त किया गया।
अभियान का नेतृत्व अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा ने किया। उनके निर्देशन में नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुधवार सुबह से दोपहर तक कार्रवाई की। इस दौरान कई स्थानों पर नालों को अतिक्रमण मुक्त कर सफाई कार्य भी किया गया, ताकि बरसात में जल निकासी बाधित न हो और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
नगर पालिका अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से नालों पर किसी भी प्रकार का अस्थायी या स्थायी अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ईओ संजय मिश्रा ने बताया कि मानसून को देखते हुए शहर के प्रमुख नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई प्राथमिकता पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिक्रमण के कारण सफाई बाधित हो रही है, उसे हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य शहर में जलभराव रोकना और नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराना है। यह अभियान आगामी दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा।





