उत्तर प्रदेश : हापुड़ बार एसोसिएशन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित सौंपा ज्ञापन

Hapur News : हापुड़ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सदर उपजिलाधिकारी ईला प्रकाश को सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे, जिसके कारण वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ज्ञापन में कही गई बातें

हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल और सचिव वीरेंद्र सिंह सैनी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रयागराज में स्थित है, और इसकी एक बेंच लखनऊ में कार्यरत है। लखनऊ बेंच को आसपास के 15 जिलों का क्षेत्राधिकार प्राप्त है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों का क्षेत्राधिकार इलाहाबाद हाईकोर्ट के पास है।

दूरी की समस्या

ज्ञापन में कहा गया कि सहारनपुर से इलाहाबाद हाईकोर्ट की दूरी 850 किलोमीटर से अधिक है और सबसे नजदीकी जिले जैसे रामपुर और आगरा से भी यह दूरी 500 किलोमीटर से अधिक है। इतनी लंबी दूरी के कारण वादकारियों को अपने मुकदमों की पैरवी के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ये हैं मांगें

ज्ञापन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के साथ-साथ अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और आत्मरक्षा के लिए अधिवक्ताओं सुगमता से शस्त्र लाइसेंस प्रदान करने की मांग भी की गई। उपजिलाधिकारी ईला प्रकाश ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को उचित माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल

ज्ञापन सौंपने के दौरान हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल, सचिव वीरेंद्र सिंह सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजवीर सिंह, अनिल शिशोदिया, खालिद खान, महेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष रामनिवास सिंह, अजीत चौधरी, अनिल आजाद, उज्जवल कंसल, संदीप त्यागी, सुधांशु शर्मा, रजत शर्मा, नासिर, अंकुर त्यागी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img