Meerut/Hapur : मोहर्रम के अवसर पर डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी ने कानून एवं व्यवस्था के दृष्टिगत परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
ये दिए दिशा-निर्देश
1. मजलिस के स्थान, ताजियों के रुट, कर्बला एवं सभी संवेदनशील स्थानों का भौतिक निरीक्षण /भ्रमण कर लिया जाए।
2. चौकी स्तर पर भी पीस कमेटी की मीटिंग कर ली जाए और आकस्मिक घटनाओं के दृष्टिगत उनसे निपटने के लिये स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना (Contingency plan) तैयार कर लें।
3. जुलूस मार्ग पर प्रतिबन्धित पशु न आने दिया जाए, इसकी रोकथाम के लिए सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित कर व्यापक प्रबन्ध कर लिये जाएं।
4. किसी भी प्रकार का कोई गैर परम्परागत कार्य ना हो, सभी जनपद प्रभारी इसके लिये थाना प्रभारी व चौकी इंचार्ज की जवाबदेही तय करें।
5. अवैध अस्त्र शस्त्र लेकर चलने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाए।
6. संवेदनशील और मिश्रित आबादी क्षेत्रों में अधिक से अधिक पैदल गश्त किया जाए और प्रतिदिन पोस्टर पार्टी का गठन किया जाए।
पुलिस की व्यवस्था
मोहर्रम के त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु परिक्षेत्र के जनपदों में 07 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 क्षेत्राधिकारी, 102 निरीक्षक, 432 उ0नि0, 697 मु0आ0, 1345 आरक्षी, 682 हो0गार्ड/पीआरडी एवं 01 कम्पनी पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 51 स्थानों को संवेदनशील/ हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है, जिसमें जनपद मेरठ में 15, बुलन्दशहर में 22, बागपत में 04 एवं हापुड में 10 स्थानों को चिन्हित कर इनके सुरक्षार्थ 27 जोन, 88 सैक्टर एवं 59 क्यूआरटी स्थापित की गई है।
सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था
त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु परिक्षेत्र की सभी जनपदीय पुलिस द्वारा पीस कमेटी/ धर्म गुरू/ शांति समिति/ संभ्रान्त व्यक्तियों के साथ 140, अन्य विभाग जैसे नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत विभाग आदि के साथ 70 एवं अंजुमन के साथ 52 गोष्ठियां आयोजित कर ली गई हैं। इसके अलावा महत्वपूर्ण गतिविधियों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों का सीसीटीवी कैमरों द्वारा कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रतिदिन पोस्टर पार्टी का गठन किया जाएगा
मोहर्रम के त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु डीआईजी मेरठ ने सभी आवश्यक प्रबंध किए जाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा संवेदनशील और मिश्रित आबादी क्षेत्रों में अधिक से अधिक पैदल गश्त किया जाएगा और प्रतिदिन पोस्टर पार्टी का गठन किया जाएगा। इसके अलावा अवैध अस्त्र शस्त्र लेकर चलने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।


