Uttar Pradesh : उधार के 80 हजार रुपए मांगने पर युवक पर फायरिंग, गांव में बढ़ाई गई पुलिस निगरानी

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गोहरा आलमगीरपुर गांव में उधार के पैसे मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी आकाश की सब्जी की दुकान है और उसने गांव के ही अमित कुमार को करीब 80 हजार रुपए उधार दिए थे। बताया जा रहा है कि अमित लंबे समय से पैसे लौटाने में टालमटोल कर रहा था।
बुधवार देर रात करीब नौ बजे आकाश ने एक बार फिर अपने पैसे मांगे, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के कुछ ही देर बाद अमित कुमार अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और आकाश को धमकाने लगा। इसी दौरान आरोप है कि आकाश पर फायरिंग की गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस भारी बल के साथ गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





