Uttar Pradesh : हापुड़ में मुआवजे के 2.50 लाख की मांग पर बुजुर्ग महिला से मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू

Hapur News : हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट भूमि अधिग्रहण के मुआवजे को लेकर एक बुजुर्ग महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता तस्सो पत्नी स्वर्गीय अलीयार ने थाना कपूरपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गुरुवार सुबह करीब आठ बजे उनकी बहू सन्नो, फरहा, साबाद, शोएब और अन्य लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर मारपीट की। आरोप है कि उन्हें सड़क पर गिराकर घसीटा गया और लात-घूंसों से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बाद में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तहरीर के अनुसार जेवर एयरपोर्ट परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण के एवज में उन्हें लगभग 5.40 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। पीड़िता का आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य पहले ही करीब तीन लाख रुपये ले चुके थे और अब अतिरिक्त 2.50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

वीडियो में कुछ लोग एक बुजुर्ग महिला के साथ कथित अभद्रता और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों से बचाया।

थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img