उत्तर प्रदेश : ईद की खुशियां मातम में बदलीं, बहन के घर से लौट रहे युवक की अचानक मौत

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ईद की पूर्व संध्या पर बहन के घर मिठाई और फल देने आए एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना ने खुशियों भरे माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आबाद के रूप में हुई है, जो मेरठ जिले के किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र का निवासी था। वह हापुड़ में अपनी बहन के घर ईद के अवसर पर मिठाई और फल देने आया था और दोपहर में वापस अपने घर लौट रहा था।

बताया गया कि जब वह तहसील चौपला और मेरठ तिराहे के बीच पहुंचा, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसे दौरा पड़ा और वह सड़क पर गिर गया। युवक को गिरते देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ईद जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक बस का इंतजार कर रहा था, तभी उसे दौरा पड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img