Uttar Pradesh : बुलंदशहर में डीएम और एसएसपी ने परखीं कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं, दिए जरूरी निर्देश

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : आगामी शिवरात्रि पर्व पर कांवड़ियों के जलाभिषेक को लेकर शनिवार को जनपद बुलंदशहर के अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। हरिद्वार, बृजघाट व अन्य स्थानों से जल लेकर पहुंचने वाले शिवभक्तों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए अधिकारियों ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि लाखों श्रद्धालु आहार अंबेश्वर मंदिर व अन्य मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं।

जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अंबेश्वर मंदिर परिसर में आने-जाने के लिए पृथक मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, स्वास्थ्य कैंप, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कांवड़ मार्गों पर झाड़ियों की सफाई, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था भी समय से कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने सुरक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थानों को अलर्ट किया गया है। सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्याना में नहर पटरी मार्ग और कांवड़ियों के गुजरने वाले अन्य मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के मुख्य पुजारियों से वार्ता कर शिवरात्रि पर व्यवस्थित रूप से जल चढ़वाने के निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img