उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में सावन कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त सख्त, दिए दिशा निर्देश

Hapur News : हापुड़ में आगामी सावन कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मेरठ मंडलायुक्त भानुचंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तीर्थनगरी ब्रजघाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, गंगा घाटों, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों और अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। तैयारियों में कमियां पाए जाने पर मंडलायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों कड़ी फटकार लगाई।

मंडलायुक्त ने कहा कि सावन के महीने में लाखों श्रद्धालु और कांवड़िये ब्रजघाट पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घाटों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जलभराव की समस्या तुरंत दूर की जाए और कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडलायुक्त ने नगरपालिका अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरे के दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी कविता मीना, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एसपी विनीत भटनागर, एडीएम संदीप सिंह, एसडीएम श्रीराम यादव और कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित नगरपालिका परिषद तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंडलायुक्त को तैयारियों की जानकारी दी और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।

मंडलायुक्त ने अंत में दोहराया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button