उत्तर प्रदेश : हापुड़ में व्यापारी और उसके भाई पर जानलेवा हमला, मांगी थी 3 लाख रुपये की रंगदारी

Hapur News : मदरसा रोड स्थित एक गोदाम में तीन लाख रुपये की रंगदारी न देने पर व्यापारी और उसके भाई पर जानलेवा हमला किया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

रंगदारी की मांग को लेकर हुआ हमला

पीड़ित आरिफ के अनुसार, उनका पशु अवशेष का गोदाम कमेले के सामने स्थित है। आरोपी हाजी अनवार, अबरार, उवेश उर्फ ओसी, शुएब, चमन, जमशेद और शौकत बीते कई दिनों से उनसे तीन लाख रुपये एकमुश्त और हर महीने पचास हजार रुपये की रंगदारी की मांग कर रहे थे। घटना की रात आरिफ अपने भाई सुहैल के साथ गोदाम में सो रहे थे। तभी आरोपी दो कार और एक स्कूटी से लगभग दस अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचे और गोदाम का गेट पीटने लगे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

गेट खोलते ही सभी आरोपी जबरन अंदर घुस आए और दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों ने किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलते हुए डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी उवेश उर्फ ओसी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पीड़ित आरिफ की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद और करीब दस अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img