उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अनियंत्रित कार ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती की मौत

Hapur : जनपद हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ हाईवे-9 पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के बहरामपुर निवासी देव चरण 40 वर्ष और ममता 38 वर्ष सोमवार सुबह बाइक पर सवार होकर गढ़मुक्तेश्वर ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। एनएच-9 पर निजामपुर अंडरपास के ऊपर पहुंचते ही पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान गाजियाबाद के बहरामपुर निवासी देव चरण और ममता के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी।

थाना प्रभारी के मुताबिक परिजनों के हापुड़ पहुंचने के बाद ही मामले में आगे की तहरीर और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button