Uttar Pradesh : बुलंदशहर डिस्ट्रिक्ट बार चुनाव, रविंद्र शर्मा अध्यक्ष, धर्मेंद्र खालौर महासचिव निर्वाचित

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के पहले चरण के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ। देर शाम घोषित हुए नतीजों में एडवोकेट रविंद्र शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 171 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं, महासचिव पद पर एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह खालौर 302 वोटों के भारी अंतर से विजयी रहे। पहली बार महिला के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष पद पर एडवोकेट कविता रानी ने 366 वोटों से शानदार जीत दर्ज की।

गुरुवार को बार एसोसिएशन में पहले चरण के मतदान के लिए कुल 1286 अधिवक्ता पंजीकृत थे, जिसमें से 1213 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें वैध मतों की संख्या 1211 रही, जबकि दो मतपत्र विभिन्न तकनीकी कारणों से सील किए गए। अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर 8-8 वोट निरस्त किए गए। सहायक चुनाव अधिकारी एडवोकेट रुकन सिंह ने बताया कि सुबह 9 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 4:30 बजे तक चला। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे। विजयी रहे एडवोकेट रविंद्र शर्मा को 665 वोट मिले, जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंदी एडवोकेट यतेंद्रपाल सिंह को 494 वोट प्राप्त हुए। तीसरे प्रत्याशी एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा को महज 42 वोट मिले।

महासचिव पद के लिए चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। एडवोकेट धर्मेंद्र सिंह खालौर ने 705 वोट पाकर एकतरफा जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंदी शैलेंद्र सिंह लोधी को 403, राजाशील कुमार को 67 व भीमराव सिंह को मात्र 26 वोट मिले। बार एसोसिएशन के इतिहास में पहली बार कोषाध्यक्ष पद महिला अधिवक्ता के लिए आरक्षित किया गया था। इस पद पर एडवोकेट कविता रानी को 783 वोट मिले, जबकि राबिया रसीद को 417 वोटों से संतोष करना पड़ा।

चुनाव अधिकारी ने बताया कि बार एसोसिएशन के 17 अधिवक्ता पदाधिकारी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। अब कार्यकारिणी के दूसरे चरण के पदों के लिए आगामी 15 जून को मतदान कराया जाएगा। गुरुवार को परिणाम घोषित होने के मौके पर भारी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। परिणाम घोषित होते ही कचहरी परिसर जयकारों से गूंज उठा और अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाई दी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img