राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में 17 बीघा जमीन के लालच में साले की हत्या, जीजा समेत दो गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ के थाना सिम्भावली पुलिस ने बुलंदशहर निवासी युवक शिवकुमार की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के जीजा विनय नागर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ससुराल की 17 बीघा जमीन हड़पने के लालच में इस हत्या को अंजाम दिया गया था।

यह घटना 12 मई को सामने आई, जब थाना सिम्भावली क्षेत्र में स्याना बॉर्डर के पास नाले किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान बुलंदशहर के गांव करौंजी निवासी शिवकुमार के रूप में हुई। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने विनय नागर निवासी गोहरा आलमगीरपुर और उसके साथी उदयवीर को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि विनय मृतक शिवकुमार का सगा जीजा है।

सीओ स्तुति सिंह के मुताबिक विनय की नजर अपनी ससुराल की 17 बीघा जमीन पर थी। इसी लालच में उसने अपने साथी उदयवीर के साथ मिलकर शिवकुमार की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने शिवकुमार को फोन कर मिलने बुलाया और बहाने से अपने साथ ले गए। इसके बाद उन्होंने गमछे से गला दबाकर शिवकुमार की हत्या कर दी और शव को नाले के पास फेंक दिया।

थाना सिम्भावली पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button