उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में रेलवे ट्रैक के पास जंगल में महिला, देवर और मासूम बेटी के शव मिले, पति हिरासत में

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर जिले में रेलवे लाइन के किनारे जंगल में एक महिला, उसके देवर और मासूम बेटी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि युवक और बच्ची के शव जमीन पर पड़े हुए थे। शुक्रवार सुबह वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण की नजर शवों पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान देवी सरकार (25), सरल सरकार (32) और सात वर्षीय साबुनती के रूप में की है। देवी सरकार के पति का नाम अपिसवर उर्फ आकरू बताया जा रहा है। यह घटना खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर रेलवे लाइन के पास की है।

पुलिस के अनुसार देवी सरकार और सरल सरकार रिश्ते में देवर-भाभी थे, जबकि साबुनती देवी की बेटी थी। तीनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर जिले के रहने वाले थे और बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में पॉटरी फैक्ट्री में काम करते थे। जानकारी के मुताबिक परिवार ने नेहरूपुर चुंगी इलाके में किराए का कमरा ले रखा था और वहीं रह रहे थे।

घटनास्थल से पुलिस को एक टूटा हुआ मोबाइल फोन, चिप्स के पैकेट, समोसे और कोल्ड ड्रिंक भी बरामद हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मृतक महिला और उसके देवर के बीच प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है, जिसका महिला का पति विरोध करता था। पुलिस के अनुसार 11 मार्च को पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद महिला घर से लगभग दस हजार रुपये लेकर चली गई थी।

एसपी देहात तेजवीर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटनास्थल पर किसी तरह के संघर्ष या हाथापाई के निशान नहीं मिले हैं और न ही किसी चौथे व्यक्ति के पैरों के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img