Uttar Pradesh : हापुड़ में भाकियू अराजनैतिक का प्रदर्शन, किसानों ने जिला मुख्यालय घेरकर उठाई एमएसपी, गन्ना भुगतान समेत कई मांगें

Hapur : भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव कर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने उर्वरकों की कालाबाजारी, एमएसपी पर खरीद की गारंटी, गन्ना भुगतान और फसल बीमा समेत कई मुद्दों पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की।
हापुड़ में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के बैनर तले किसानों ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकियू जिलाध्यक्ष पवन हूण ने कहा कि किसानों का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल रहे हैं और जो उपलब्ध हैं, उनकी ओवररेटिंग की जा रही है। साथ ही बाजार में अच्छी गुणवत्ता के बीजों का भी अभाव है।
किसानों ने सभी जमीनी अंश निर्धारण प्रकरणों का समयबद्ध निपटान करने की मांग की। इसके अलावा फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया। किसानों ने डीएपी, यूरिया और अन्य बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। किसानों ने नकली बीज, नकली कीटनाशक और मिलावटी बीजों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि खराब और जांच में फेल बीजों के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, ऐसे मामलों में प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।
किसानों ने सभी फसलों की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी पर सुनिश्चित करने और इसकी कानूनी गारंटी देने की मांग की। साथ ही गन्ना किसानों के लंबित भुगतान को समय से कराने की भी मांग उठाई गई। भाकियू कार्यकर्ताओं ने फसल बीमा योजना को अधिक प्रभावी बनाने, प्राकृतिक आपदाओं जैसे सूखा, ओलावृष्टि और कीट रोग से होने वाली फसल क्षति की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा आवारा और निराश्रित पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान, नहरों और ट्यूबवेलों से पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था तथा कृषि क्षेत्र को नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान राधेलाल त्यागी, अमरेश कुमार, अजय त्यागी, रबजीत सिंह, अरविंद चौहान, विनीत कुमार, राजवीर सिंह, नरेश तोमर, जागेश्वर त्यागी, सतीश तोमर, सुंदर त्यागी, विनीत त्यागी, रविंद्र सिंह, कुलदीप सहरावत, अशोक, सुनील, उत्तम और पवन कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




