भाजपा महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी कल्पना वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक और जनभावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा देशहित में लोगों से संसाधनों के संतुलित उपयोग और आत्मनिर्भरता की अपील करते हैं, लेकिन विपक्ष उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर जनता के सामने प्रस्तुत कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा ऐसी टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता है और संबंधित सांसद के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करता है।
गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता मलका पार्क में एकत्र हुईं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री की नीतियों और नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ी है। बाद में कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


