उत्तर प्रदेश : हापुड़ में अवैध गैस सिलेंडर बिक्री के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में पुलिस ने अवैध गैस सिलेंडर बिक्री के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान दो मिनी ट्रकों से 137 गैस सिलेंडर बरामद किए गए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कोतवाली देहात क्षेत्र के मेरठ बाईपास पर यातायात प्रभारी छविराम के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से भरे और खाली सिलेंडर मिले। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी रामप्रवेश निवासी करावल नगर दिल्ली और रामगोपाल निवासी खोड़ा गाजियाबाद लंबे समय से घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध खरीद-फरोख्त कर रहे थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी हापुड़ क्षेत्र में सिलेंडर रिफिलिंग के लिए आ रहे हैं। चेकिंग के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपी सिलेंडरों को हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे।

थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि अवैध तरीके से गैस सिलेंडरों की सप्लाई से बड़ी दुर्घटना का खतरा रहता है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img