उत्तर प्रदेश : हापुड़ से बड़ी खबर, शराब पीने के बाद रुपये लेनदेन को लेकर चचेरे भाई ने की भाई की हत्या

Hapur News : एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के बाद रुपये लेनदेन को लेकर चचेरे भाई ने ही अपने तहेरे भाई को बलकटी से काट डाला। इस घटना में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, गांव शेखपुर खिचरा निवासी अफसर के मकान में सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर खुडलिया निवासी अमित कुमार पुत्र विजय सिंह व उसका चचेरा भाई सौरभ अपने परिवार के साथ रह रहे थे। अमित की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके गई थी, इसलिए अमित अपने कमरे में अकेला था। दोनों ही औद्योगिक क्षेत्र स्थित कॉपर फैक्ट्री में काम करते थे।

ऐसे शुरु हुआ विवाद

पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात दोनों भाईयों ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। शराब पीने के दौरान दोनों में विवाद हुआ था, लेकिन उस दौरान तो विवाद शांत हो गया। लेकिन गुरुवार की सुबह सौरभ ने अमित कुमार से रुपये मांगे। मना करने पर वह भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोपी ने किया हमला

पड़ोसियों ने बताया कि दोपहर के समय अमित अपने कमरे के बाहर खड़ा था, तभी सौरभ ने बलकटी से उसकी गर्दन व छाती पर प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुन पड़ोस में रहने वाली महिला अपने कमरे से बाहर आई और शोर मचाया। जिसके बाद आरोपी फरार हो गया।

आरोपी को हिरासत में लिया

हत्या की सूचना पर सीओ अनीता चौहान, थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को आसपास से ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कुबूल की है।

क्या बोली पुलिस

पुलिस ने बताया मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। अमित ने दो शादियां की थीं जिनसे चार बच्चे हुए। वहीं आरोपी के एक बेटी है और पत्नी अभी गर्भवती हैं। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी है, जिसके बाद वे थाने पहुंचे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img