Uttar Pradesh : हाईकोर्ट के स्टे के बावजूद मकान ध्वस्तीकरण का आरोप, सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस ने पुतला छीना

Hapur News : हापुड़ के गांव अमीपुर नंगौला में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दीकी के मकान पर प्रशासन द्वारा की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को बुलंदशहर रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने रोक दिया। पुतला दहन को लेकर पुलिस और सपाइयों के बीच नोंकझोंक भी हुई।
जिला कार्यालय पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बुधवार को गांव नंगौला में जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दीकी के मकान को अधिकारियों ने जबरन ध्वस्त कर दिया। उनका आरोप था कि हाईकोर्ट से स्टे आदेश जारी होने के बावजूद बुलडोजर कार्रवाई की गई, जो न्यायालय की अवमानना है। उन्होंने कहा कि अय्यूब सिद्दीकी को राजनीतिक और सामाजिक कारणों से निशाना बनाया गया, जिसके चलते उनके परिवार को सड़क पर रात बितानी पड़ी।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान ने कहा कि पार्टी इस मामले को मानवाधिकार आयोग और न्यायालय तक ले जाएगी। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की पूरी वीडियोग्राफी पार्टी के पास मौजूद है। इन साक्ष्यों के आधार पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क से लेकर अदालत तक आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, तेजपाल प्रमुख, श्यामसुंदर भुर्जी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



