उत्तर प्रदेश : युवक को थाने ले जाने का कारण पूछने पर अधिवक्ता से अभद्रता का आरोप

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर में युवक को थाने ले जाने का कारण पूछना एक अधिवक्ता को भारी पड़ गया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने न केवल अधिवक्ता से अभद्रता की, बल्कि सार्वजनिक स्थान पर तमाचा मारकर उन्हें अपमानित भी किया। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे।

नगर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी मनवीर सिंह हापुड़ जिला सत्र न्यायालय में अधिवक्ता हैं। उन्होंने मेरठ के डीआईजी को दिए गए शिकायत पत्र में बताया कि गुरुवार की शाम वह जीतू मिस्त्री की दुकान पर अपनी बाइक की सर्विस करा रहे थे। उसी दौरान रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी उनका परिचित विजय उर्फ पोली भी दुकान पर मौजूद था। इसी बीच कोतवाली में तैनात एक दारोगा मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विजय को थाने ले जाने लगा।

अधिवक्ता मनवीर सिंह ने अपना परिचय देते हुए युवक को थाने ले जाने का कारण पूछा तो आरोप है कि दारोगा अभद्रता पर उतर आए। विरोध करने पर चौकी इंचार्ज को भी मौके पर बुला लिया गया। इसी दौरान दारोगा ने अधिवक्ता को तमाचा मार दिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह विष्ट ने अधिवक्ताओं को समझाकर शांत कराया।

इस दौरान दरोगा ने अपने व्यवहार को गलत मानते हुए माफी मांगी। हालांकि पीड़ित अधिवक्ता इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने शुक्रवार को मेरठ डीआईजी को शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img