Hapur News : हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने युवक पर पोती से सोशल मीडिया पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि युवक अपने पिता के सहयोग से उसकी पोती का अपहरण करके ले गया और बंधक बनाया। पीड़िता द्वारा जानकारी देने पर उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी नाबालिग पोती से पड़ोसी गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर ली। आरोपी ने उसके साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उन्हें जानकारी हुई तो उन्होंने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माना और उसने उनकी पोती का अपहरण कर लिया। आरोपी ने अपने परिजनों और पिता के सहयोग से उसे अपने घर रखा और उसका यौन शोषण भी किया। आरोपी के चंगुल से छूटकर पोती ने मामले की जानकारी घर पहुंच कर दी। पीड़ित ने आरोपी और उसके परिजनों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।


