UPITS 2025 दिल्ली रोड शो: योगी सरकार ने पेश की उत्तर प्रदेश की वैश्विक औद्योगिक ताकत

UPITS 2025: UPITS 2025 दिल्ली रोड शो: योगी सरकार ने पेश की उत्तर प्रदेश की वैश्विक औद्योगिक ताकत

रिपोर्ट: अभिषेक ब्याहुत

नई दिल्ली/लखनऊ, 4 जुलाई 2025 — उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2025 के लिए भव्य और उच्चस्तरीय रोड शो का आयोजन किया। इस आयोजन ने राज्य के निर्यात विजन, औद्योगिक क्षमताओं और सांस्कृतिक विविधता को एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमदार तरीके से प्रस्तुत किया। इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के सहयोग से हुए इस आयोजन में देश-विदेश के कारोबारी प्रतिनिधि, राजनयिक अधिकारी, औद्योगिक विशेषज्ञ और एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख शामिल हुए।

इस मेगा रोड शो ने ना केवल यूपी की ताकत को उजागर किया, बल्कि योगी आदित्यनाथ सरकार के उस दृष्टिकोण को भी सामने रखा जिसमें उत्तर प्रदेश को ‘भारत का ग्रोथ इंजन’ और ‘विश्वसनीय वैश्विक सोर्सिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि, “UPITS 2025 एक साधारण ट्रेड शो नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक जिले की ताकत, परंपरा और उद्यमिता का विश्वस्तरीय प्रदर्शन है। यह आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के मार्ग में मील का पत्थर साबित होगा।” प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने इस आयोजन को ‘स्थानीय से वैश्विक’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक प्रभावशाली प्रयास बताया।

निर्यात और ब्रांड यूपी की ओर बड़ा कदम

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के महानिदेशक डॉ. अजय सहाय ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब वैश्विक खरीदारों के लिए एक ‘विश्वसनीय सोर्सिंग डेस्टिनेशन’ बनता जा रहा है। इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश के हर कोने से जुड़े उत्पादों की वैश्विक मंच पर एकीकृत प्रस्तुति है।

कार्यक्रम में ऑस्ट्रिया, कनाडा, वियतनाम, सिंगापुर और नॉर्वे जैसे देशों के राजनयिक प्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों, खरीद सलाहकारों और निर्यातकों की बड़ी भागीदारी रही। इस दौरान ODOP (One District One Product) और MSME सेक्टर के लिए विशेष प्रदर्शनियां लगाई गईं। EV, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट और एग्रो-प्रोडक्ट्स जैसे क्षेत्रों की भी वैश्विक स्तर पर प्रस्तुति की गई।

रोड शो की अगली कड़ियाँ

दिल्ली रोड शो के बाद अब देश के अन्य महानगरों में इस आयोजन की अगली कड़ियाँ प्रस्तावित हैं। यह आयोजन 11 जुलाई को हैदराबाद, 18 जुलाई को बेंगलुरु, 25 जुलाई को मुंबई, और 30 जुलाई को अहमदाबाद में आयोजित होंगे।

ये सभी आयोजन 25–29 सितंबर 2025 को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होने जा रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण के लिए माहौल तैयार करने और अधिक निवेशकों, खरीदारों और भागीदारों को आकर्षित करने के लिए हो रहे हैं। इस ट्रेड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को निवेश, नवाचार, निर्यात और उद्यमिता का नया वैश्विक केंद्र बनाना है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img