UP Skill Development: योगी सरकार ने लॉन्च किए ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ पोर्टल, युवाओं को डिजिटल स्किल ट्रेनिंग और रोजगार से जोड़ने की नई पहल

UP Skill Development: योगी सरकार ने लॉन्च किए ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ पोर्टल, युवाओं को डिजिटल स्किल ट्रेनिंग और रोजगार से जोड़ने की नई पहल

लखनऊ, 15 जुलाई। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कौशल विकास व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और युवाओं के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को ‘कौशल सेतु’ और ‘कौशल सारथी’ नामक दो महत्वपूर्ण डिजिटल पोर्टलों का शुभारंभ किया। इन दोनों प्लेटफॉर्मों का उद्देश्य प्रशिक्षण प्रक्रिया को सरल बनाना, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा कौशल विकास मिशन को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ‘कौशल सेतु’ पोर्टल का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) का अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से ट्रेनिंग पार्टनर्स के पंजीकरण और एम्पैनलमेंट की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन, पेपरलेस और पूरी तरह पारदर्शी होगी। इस पोर्टल पर प्रशिक्षण संस्थान एक ही स्थान पर आवेदन कर सकेंगे, आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे और सभी औपचारिकताओं को डिजिटल माध्यम से पूरा कर पाएंगे। इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता समाप्त होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, सरल और जवाबदेह बनेगी।

इसके बाद मंत्री ने ‘कौशल सारथी’ पोर्टल का भी शुभारंभ किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदेश के युवाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि वे अपने जिले में उपलब्ध प्रशिक्षण केंद्रों, विभिन्न कौशल पाठ्यक्रमों और अधिकृत ट्रेनिंग पार्टनर्स की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकें। पोर्टल में उपलब्ध डिजिटल मैप की सहायता से युवा प्रशिक्षण केंद्रों की लोकेशन, पता और संपर्क विवरण आसानी से देख सकेंगे तथा अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त प्रशिक्षण केंद्र का चयन कर पाएंगे।

सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश के प्रत्येक जिले में संचालित उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण केंद्रों तक युवाओं की पहुंच आसान होगी। इससे प्रशिक्षण प्राप्त करने की प्रक्रिया तेज होगी और रोजगारोन्मुखी कौशल हासिल करने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने उद्योग जगत के साथ साझेदारी को भी मजबूत किया। मिशन ने केएलके प्राइवेट लिमिटेड और विनसम टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत युवाओं को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्सटाइल और अन्य आधुनिक उद्योगों से जुड़े उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को रोजगार और प्लेसमेंट के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

समारोह के दौरान ‘स्किलिंग द फ्यूचर उत्तर प्रदेश: जर्नी फ्रॉम ट्रेनिंग टू ट्रांसफॉर्मेशन’ शीर्षक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। इस प्रकाशन में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की उपलब्धियों, विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और युवाओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कौशल विकास केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक तकनीक, उद्योगों की जरूरतों और रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को ऐसा कौशल प्रदान करना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानजनक रोजगार या स्वरोजगार के माध्यम से अपने भविष्य को मजबूत कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “कौशल से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सम्मान” के विजन पर कार्य कर रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, उद्योगों के साथ साझेदारी और आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था के माध्यम से उत्तर प्रदेश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकें।

Hot this week

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...

Lucknow : शिक्षकों के सम्मान में सभी वन प्रभाग लगाएंगे ‘एक पेड़ गुरु के नाम’

Lucknow : योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026...

Topics

Mathura : अयोध्या-काशी की तर्ज पर संवरेगा ब्रज- सीएम योगी

Mathura : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img