Oman Market: यूपी के उत्पादों के लिए खुलेगा ओमान का बाजार, UP International Trade Show में पार्टनर कंट्री बनाने की पहल
नोएडा। उत्तर प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में सल्तनत ऑफ ओमान को पार्टनर कंट्री बनाने का औपचारिक प्रस्ताव दिया गया है। इस पहल से उत्तर प्रदेश के कारोबारियों, एमएसएमई और निर्यातकों के लिए ओमान समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ओमान को पार्टनर कंट्री बनाने का प्रस्ताव भारत-ओमान के व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यूपी एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने नई दिल्ली में ओमान के राजदूत ईसा सालेह अब्दुल्ला सालेह अलशिबानी से मुलाकात की और इस संबंध में औपचारिक अनुरोध पत्र सौंपा।
बैठक का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों के लिए ओमान के बाजार में संभावनाएं तलाशना और दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश तथा आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा। सरकार का प्रयास है कि यूपीआईटीएस के माध्यम से प्रदेश के छोटे और बड़े कारोबारियों को विदेशी खरीदारों और निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिले।
ओमान सहित नए बाजारों में बढ़ेगी पहुंच
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के डिप्टी डायरेक्टर रोहित तेजपाल ने बताया कि संस्था पिछले तीन संस्करणों से यूपी के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने में लगातार भूमिका निभा रही है। इससे प्रदेश के एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र को नए कारोबारी अवसर मिले हैं।
ओमान को पार्टनर कंट्री बनाने की पहल के दौरान उत्तर प्रदेश के उत्पादों की ओमान और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंच बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और द्विपक्षीय व्यापारिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई। इससे प्रदेश के उत्पादों को नए खरीदार मिलने और निर्यात के अवसर बढ़ने की संभावना है।
यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद, एमएसएमई इकाइयां, हस्तशिल्प, कृषि आधारित उत्पाद और औद्योगिक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और कारोबारियों की भागीदारी से प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार की जरूरतों को समझने और नए व्यापारिक संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में एफआईईओ के पदाधिकारियों के साथ इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के उप निदेशक मोहित नोटा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ओमान की भागीदारी से इस वर्ष के ट्रेड शो में भारत और खाड़ी क्षेत्र के बीच व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


