UP International Trade Show 2026: एक ही थाली में परोसे जाएंगे 75 जिलों के मशहूर व्यंजन, पहली बार लगेगा ODOC पवेलियन

UP International Trade Show 2026: एक ही थाली में परोसे जाएंगे 75 जिलों के मशहूर व्यंजन, पहली बार लगेगा ODOC पवेलियन

नोएडा के ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर के बीच आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार पहली बार ‘एक जनपद एक व्यंजन’ (ODOC) पवेलियन आकर्षण का केंद्र बनेगा। इस विशेष पवेलियन में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले आगंतुक प्रदेश की समृद्ध खानपान संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश सरकार द्वारा मई 2026 में शुरू की गई ODOC (One District One Cuisine) योजना के तहत प्रत्येक जिले के एक विशेष व्यंजन का चयन किया गया है। ट्रेड शो में इन सभी व्यंजनों की जानकारी देने के लिए 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। हालांकि खाने-पीने के स्टॉल अलग स्थान पर होंगे, लेकिन ओडीओसी पवेलियन में प्रत्येक जिले के व्यंजन की विशेषताओं और उसकी पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस बार आगंतुकों को अयोध्या की कचौरी और कुल्हड़ दही-जलेबी, अमेठी का समोसा और लाल गन्ने की गोटी, बुलंदशहर की खुरचन, प्रयागराज की सब्जी-कचौरी, कासगंज का मूंग का दलमा, हाथरस की रबड़ी, अलीगढ़ के इगलास की चमचम, मैनपुरी की सोनपापड़ी, फिरोजाबाद की आलू टिक्की, आजमगढ़ की तहरी, बलिया का सत्तू, मऊ का लिट्टी-चोखा, बरेली की सेवइयां, श्रावस्ती की इमरती, झांसी का दाल बाफला, लखनऊ की रेवड़ी सहित 75 जिलों के पारंपरिक स्वाद की जानकारी मिलेगी। गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए बेकरी उत्पाद को चयनित किया गया है।

ट्रेड शो में प्रदेश के सभी जिलों के ODOP (One District One Product) उत्पादों के साथ स्थानीय व्यंजनों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे स्थानीय कारोबारियों को बड़े ऑर्डर मिलने के साथ उनके उत्पादों और व्यंजनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों के अलग-अलग फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। ये स्टॉल हॉल नंबर-9 और हॉल नंबर-14 के सामने बनाए जाएंगे, जहां आगंतुक आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा, लखनऊ के टुंडे कबाब समेत कई प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर पंकज निर्वाण ने बताया कि इस बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण पहले से अधिक भव्य होगा। उन्होंने कहा कि ओडीओसी पवेलियन के लिए स्टॉल आवंटन की प्रक्रिया जारी है और इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक जिले की खाद्य विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है।

 

Hot this week

Ghaziabad : इंदिरापुरम में बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव, सातवें वर्ष में प्रवेश

Ghaziabad : इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी की ओर से...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img