स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र सख्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस ने राज्यभर के जिला और उप-मंडल अदालतों में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र सख्त सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब पुलिस ने राज्यभर के जिला और उप-मंडल अदालतों में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया।

– पुलिस टीमों द्वारा 1421 संदिग्ध व्यक्तियों और 1850 वाहनों की जांच की गई।

– इस कदम का उद्देश्य न्यायिक परिसरों के आसपास घूमने वाले समाज विरोधी तत्वों पर नज़र रखना है – विशेष डीजीपी कानून और व्यवस्था अर्पित शुक्ला

रिपोर्ट: कोमल रमोला
चंडीगढ़, 5 अगस्त:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा आगामी स्वतंत्रता दिवस-2024 के शांतिपूर्ण उत्सव को सुनिश्चित करने के लिए सख्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देशों के तहत, पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर की सभी जिला और उप-मंडल अदालतों के आसपास घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया ताकि सभी न्यायिक परिसरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जा सकें।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के दिशा-निर्देशों पर, राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक साथ यह कार्रवाई की गई।

विशेष डीजीपी कानून और व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने कहा कि सीपीज/एसएसपीज को व्यक्तिगत रूप से इस कार्रवाई की निगरानी करने और एसपी रैंक के अधिकारियों की देखरेख में जांच करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस टीमों की तैनाती के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सीपीज/एसएसपीज को न्यायिक परिसर के अंदर और आसपास सभी संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के साथ-साथ वाहन ऐप का उपयोग करके परिसर के आसपास खड़े सभी वाहनों की भी जांच करने के लिए कहा गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था कि न्यायिक परिसरों के आंगन में लगाए गए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) और क्लोज सर्किट टेलीविज़न (सीसीटीवी) कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत हों।

अधिक जानकारी साझा करते हुए विशेष डीजीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने न्यायिक परिसरों में आने-जाने वाले 1421 संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। अदालत के आसपास विभिन्न पार्किंगों में खड़े 1850 वाहनों की भी जांच की गई, जिसके दौरान पुलिस टीमों ने 62 वाहनों का चालान काटा और एक वाहन जब्त किया।

उन्होंने कहा कि इस जांच को अंजाम देने का मकसद समाज विरोधी तत्वों को नियंत्रित करने के लिए राज्य के न्यायिक परिसरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को सुनिश्चित करना था।

उल्लेखनीय है कि सीपीज/एसएसपीज को समाज विरोधी तत्वों की निगरानी तेज करने के लिए ऐसी संवेदनशील जगहों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
———–

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img