Student Safety: दनकौर में कार सवार युवकों ने नाबालिग छात्राओं को कार में खींचने का किया प्रयास
नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र में कॉलेज से घर लौट रही दो नाबालिग छात्राओं के साथ अभद्रता और उन्हें जबरन कार में खींचने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार दो युवकों ने पहले छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां कीं और इसके बाद उन्हें कार के अंदर खींचने का प्रयास किया। राहगीरों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। छात्राओं ने कार का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
छात्राओं के परिजनों के मुताबिक दोनों किशोरियां दनकौर क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। शनिवार दोपहर कॉलेज की छुट्टी होने के बाद दोनों पैदल अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान स्पोर्ट्स सिटी के पास एक कार में सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके पास गाड़ी रोक दी।
आरोप है कि कार सवार युवकों ने छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। छात्राओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जबरन कार के अंदर खींचने का प्रयास किया। दोनों छात्राओं ने किसी तरह खुद को आरोपियों से बचाया।
इसी बीच रास्ते से कुछ लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से कार लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान छात्राओं ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों की कार का नंबर नोट कर लिया। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और दनकौर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि छात्राओं की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छात्राओं द्वारा बताए गए कार नंबर के जरिए वाहन और उसमें सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


