Society Safety: नोएडा की सोसाइटी में फॉल सीलिंग का बड़ा हिस्सा गिरा, बाल-बाल बचे लोग, इस महीने तीसरी घटना
नोएडा। सेक्टर ओमिक्रॉन-3 स्थित मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी के क्लब हाउस में सोमवार शाम फॉल सीलिंग का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सोसाइटी के निवासियों के अनुसार, इस महीने परिसर में फॉल सीलिंग या प्लास्टर गिरने की यह तीसरी घटना है।
मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी में करीब 900 परिवार रहते हैं। निवासियों का आरोप है कि परिसर में लंबे समय से निर्माण और रखरखाव से जुड़ी समस्याएं सामने आती रही हैं। लोगों के मुताबिक लॉबी, रिसेप्शन, क्लब हाउस और कुछ फ्लैटों के अंदर भी कई बार प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं।
सोमवार शाम कुछ लोग क्लब हाउस में बैठक के लिए पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि फॉल सीलिंग का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरा हुआ है। राहत की बात यह रही कि जिस समय सीलिंग गिरी, उस समय उसके नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
निवासियों का कहना है कि क्लब हाउस में इससे पहले भी फॉल सीलिंग गिर चुकी है। उनका आरोप है कि पिछली घटना के बाद भी इसकी समुचित और स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई। अब दोबारा बड़ा हिस्सा गिरने के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों के मुताबिक यह समस्या केवल क्लब हाउस तक सीमित नहीं है। सोसाइटी के अलग-अलग हिस्सों में लॉबी, रिसेप्शन और फ्लैटों के अंदर प्लास्टर गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे निवासियों में अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक अन्य सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से एक युवक की मौत होने की घटना के बाद इस तरह की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि भवनों की समय-समय पर जांच और खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत नहीं होने पर छोटी घटना भी गंभीर हादसे में बदल सकती है।
समस्या को लेकर सोसाइटी के मेंटेनेंस हेड आशीष शिक्षक से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, बिल्डर प्रबंधन की ओर से नियुक्त पीआर एजेंसी से मामले पर बयान मांगा गया है। प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
निवासियों की मांग है कि सोसाइटी के क्लब हाउस और अन्य सार्वजनिक क्षेत्रों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। जहां भी फॉल सीलिंग, प्लास्टर या अन्य निर्माण सामग्री कमजोर स्थिति में है, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित सुरक्षा ऑडिट और रखरखाव व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

