Sawan 2026: रिमझिम बारिश से सराबोर शिवभक्ति का पावन माह आज से शुरू

Sawan 2026: रिमझिम बारिश से सराबोर शिवभक्ति का पावन माह आज से शुरू

नोएडा। हरियाली, रिमझिम बारिश और शिवभक्ति से सराबोर श्रावण मास का पावन महीना 30 जुलाई, बृहस्पतिवार से शुरू होगा और 28 अगस्त, शुक्रवार तक चलेगा। भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माने जाने वाले इस महीने में नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और भजन-कीर्तन के आयोजन होंगे।

श्रद्धालु श्रावण मास के चारों सोमवार को व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्रावण मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। इस दौरान शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और आक के फूल अर्पित करने की परंपरा है। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामना पूर्ति के लिए शिव पूजा करेंगे।

अविवाहित युवक-युवतियां मनचाहा जीवनसाथी पाने की कामना से सोमवार का व्रत रखेंगे, जबकि विवाहित महिलाएं परिवार की खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ भगवान शिव की आराधना करेंगी। श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा का भी विशेष महत्व होता है। शिवभक्त पवित्र नदियों से जल लेकर शिवालयों में पहुंचेंगे और शिवलिंग का जलाभिषेक करेंगे।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसरों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

चारों सोमवार को हैं शुभ संयोग

नवादा गांव स्थित शीतला माता शनिधाम मंदिर के ज्योतिषाचार्य शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, श्रावण मास के दौरान कई शुभ संयोग बन रहे हैं। पहला सोमवार 3 अगस्त को सिद्धि और अमृत योग के साथ होगा। 10 अगस्त को दूसरा सोमवार और सोम प्रदोष व्रत रहेगा, जबकि 11 अगस्त को शिवरात्रि मनाई जाएगी।

तीसरा सोमवार 17 अगस्त को नाग पंचमी के साथ पड़ेगा। इस दिन भी सिद्धि और अमृत योग का संयोग बताया गया है। चौथा सोमवार 24 अगस्त को होगा और इसके अगले दिन भीम प्रदोष व्रत रहेगा। 28 अगस्त को रक्षा बंधन के बाद श्रावण मास का समापन होगा।

श्रावण मास के दौरान नाग पंचमी, शिवरात्रि समेत कई प्रमुख धार्मिक पर्व भी मनाए जाएंगे। नाग पंचमी पर शिव मंदिरों और नाग देवता के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। वहीं मासिक शिवरात्रि के अवसर पर कई शिवालयों में रातभर भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक के आयोजन किए जाएंगे। मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img