Noida Traffic Jam: श्रावण के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए मंदिरों में तैयारियां पूरी
नोएडा। श्रावण के तीसरे सोमवार को होने वाले जलाभिषेक को लेकर नोएडा के प्रमुख मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई कराने के साथ श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना और जलाभिषेक की व्यवस्था की गई है। सोमवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर के पुजारी विनोज भारद्वाज ने बताया कि श्रावण के तीसरे सोमवार को होने वाले जलाभिषेक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर में विशेष रूप से रुद्राभिषेक भी किया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-44 स्थित शिव मंदिर और सेक्टर-100 स्थित वोडा महादेव मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी जलाभिषेक को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिरों में जल चढ़ाने, पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है।
सनातन धर्म मंदिर में हवन के बाद भंडारा
सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में पिछले सात दिनों से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार को समापन हो गया। रविवार को मंदिर परिसर में हवन-पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया।
मंदिर के सेवादार हरिंद्र दुबे ने बताया कि भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में सोमवार को होने वाले जलाभिषेक और पूजा-पाठ की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
Traffic Jam: जाम में फंसी सिटी ई-बसें, मंजिल तक पहुंचने में लग रहा अतिरिक्त समय
नोएडा। शहर के प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम का असर सिटी ई-बसों के संचालन पर भी पड़ रहा है। कुलेसरा, सुथ्याना, सूरजपुर टी-प्वाइंट, एलजी गोलचक्कर और अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट समेत कई प्रमुख स्थानों पर पीक टाइम में जाम के कारण ई-बसें निर्धारित समय से आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक देरी से चल रही हैं। कई बार जाम की स्थिति अधिक गंभीर होने पर बसें करीब दो घंटे तक देरी से गंतव्य पर पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों के साथ चालक और परिचालक भी परेशान हैं।
यात्रियों का कहना है कि समय पर गंतव्य तक पहुंचने के लिए उन्हें घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ रहा है। बस संचालन से जुड़े लोगों के मुताबिक जाम की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र में सिटी ई-बसों का संचालन होता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इन बसों से सफर करते हैं। कुलेसरा और सुथ्याना में सुबह और शाम के समय जाम की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रहती है। इन दोनों स्थानों को पार करने में बसों को ही 30 मिनट से एक घंटे तक का समय लग जाता है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट से परी चौक की ओर आने वाली ई-बसें तिलपता गोलचक्कर पर भी जाम में फंस जाती हैं। इसका असर पूरे रूट की समय-सारिणी पर पड़ता है। रास्ते में कई अन्य स्थानों पर जाम मिलने से बसों के गंतव्य तक पहुंचने का समय और बढ़ जाता है।
एक घंटे से अधिक लग रहा समय
यात्री जयवीर ने बताया कि नोएडा से कुलेसरा होते हुए परी चौक जाने में जाम के कारण एक घंटे से अधिक समय लग जाता है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर किसी भी वाहन से सफर करने पर जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। हालांकि, सिटी ई-बसों में एसी की सुविधा और कम किराया होने से यात्रियों को कुछ राहत मिलती है।
सुबह-शाम सबसे ज्यादा परेशानी
सिटी बस चालक रवि चौधरी ने बताया कि उनकी बस नोएडा के सेक्टर-90 से परी चौक के बीच चलती है। सुबह और शाम के समय कुलेसरा और सुथ्याना में ज्यादातर समय जाम लगा रहता है। इन दोनों स्थानों को पार करने में ही आधे घंटे से एक घंटे तक का समय लग जाता है।
जाम में ही निकल रहा पूरा दिन
बस परिचालक अंशु कुमार ने बताया कि कुलेसरा और सुथ्याना में जाम के कारण काफी समय खराब हो जाता है। इसके बाद एलजी गोलचक्कर, कॉमर्शियल बेल्ट या परी चौक पर जाम मिल जाए तो बसों के संचालन में करीब दो घंटे तक की देरी हो जाती है।
एक्टिव सिटीजन टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने कहा कि शहर के प्रमुख स्थानों पर जाम से निजात दिलाने के लिए कई बार पुलिस और प्रशासन से मांग की जा चुकी है। लगातार लगने वाले जाम का सीधा असर सिटी ई-बसों के संचालन पर पड़ रहा है और यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

