AAP सांसद संजय सिंह का दावा, ‘मैंने OBC आरक्षण बिल का समर्थन किया तो BJP ने मुझे जेल भेजने की दी धमकी’

AAP सांसद संजय सिंह का दावा, ‘मैंने OBC आरक्षण बिल का समर्थन किया तो BJP ने मुझे जेल भेजने की दी धमकी’

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ओबीसी आरक्षण बिल का जिक्र कर एक बार फिर भाजपा को दलित, गरीब, मुसलमान और आदिवासी विरोधी बताकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के आधार पर ओबीसी के लिए आरक्षण होना चाहिए। संजय सिंह ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, “बीजेपी दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, मुस्लिमों, ईसाइयों, सिखों के विरोधी है। अगर यह ओबीसी आरक्षण बिल आया है और बीजेपी की मंशा साफ है तो उन्हें ये बिल पास करना चाहिए। यह बिल देश के पिछड़े वर्ग के लोगों के हित में है और हम इस बिल का एक बार नहीं बल्कि 1000 बार समर्थन करेंगे…मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि अगर आपकी पार्टी और आपकी नीयत साफ है तो इससे अच्छा कोई और बिल नहीं आ सकता है, इस बिल को आप पास करें, जनसंख्या के आधार पर ओबीसी के लिए आरक्षण होना चाहिए…इस बिल का विरोध करके बीजेपी ने अपना असली चेहरा पूरे देश के सामने उजागर कर दिया है।”

संजय सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान ओबीसी आरक्षण को लेकर एक प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आते हैं। इस बिल में वो मांग करते हैं कि ओबीसी का आरक्षण उनकी जनसंख्या के अनुपात में दिया जाए। इस बिल के आते ही भाजपा सांसद बौखला जाते हैं और संसद में मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में बदसलूकी और दादागिरी शुरू कर देते हैं। यह भाजपा की दलित और पिछड़ा विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि वहीं, जब कांग्रेस पार्टी के सांसद नीरज डांगी ने ओबीसी आरक्षण और जातीय जनगणना पर बोलना शुरू किया, तब भाजपा के सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। उस समय चेयर पर बैठी हुई मैडम उग्र हो चुके भाजपा सांसदों को लगातार रोकती रहीं, लेकिन भाजपा वाले नहीं माने और सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सदन में गलत बयानबाजी की। उन्होंने झूठ बोलते हुए कहा कि संसद में विपक्षी सदस्यों ने हंगामा करना शुरू किया, जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी के सांसद के प्राइवेट बिल पर बोलना शुरू करते ही भाजपा के सांसद हंगामा करना शुरू कर देते हैं। इसके साथ ही भाजपा के सांसद मुझे धमकाने लगे कि इन्हें जेल भेजना है। मैं भाजपा वालों से कहूंगा कि मैं आपकी जेल और लाठी से डरने वाला नहीं हूं। जहां पर दलित, पिछड़े और आदिवासियों की बात होगी, ‘आप’ उनके लिए आवाज उठाएगी। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img