Samajwadi Party: अखिलेश यादव को 2027 में मुख्यमंत्री बनाने का सपा कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
नोएडा में समाजवादी पार्टी की ओर से विधानसभा क्षेत्र की बैठक सेक्टर-33 स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर बबलू चौहान ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ नेता चौधरी जयकरण ने किया। बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर बबलू चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में किसान, नौजवान, छात्र और गरीब वर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी और आगामी चुनाव में संगठन को मजबूत कर जीत हासिल करने के लिए कार्यकर्ता पूरी मेहनत करेंगे। बैठक में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने पर जोर दिया। पूर्व महासचिव राघवेंद्र दुबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राम के नाम पर वोट मांगने वाले लोग अब राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी जैसे मामलों पर भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने की अपील की। कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नागर, एडवोकेट प्रमेन्द्र भाटी, बीर सिंह यादव, डॉ. आश्रय गुप्ता, भरत यादव, राकेश यादव, महेंद्र यादव, दीपक विग, सुमित कुमार, नरेंद्र चौहान सहित कई समाजवादी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


