सड़क चौड़ी कर ट्रैफिक जाम से निजात पाने की पहल

नोएडा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए बृहद स्तर पर काम शुरू होने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने सभी वर्क सर्किल प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही है, वहां पर षीघ्र राहत के लिए सड़कों का चौड़ीकरण कराएं। जहां पर यूटर्न, फ्लाईओवर या फिर अंडरपास बनाने की जरूरत हो, उसका भी प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि ट्रैफिक जाम का स्थाई समाधान हो सके।
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुछ जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई और इसके समाधान के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए। चार मूर्ति गोलचक्कर (गौड़ चौक) अंडरपास का निर्माण शीघ्र शुरू कराने को कहा है। ये अंडरपास 60 मीटर रोड के पैरलल बनेगा। यहां से सर्विस लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य जारी है। पेड़ों को शिफ्ट करने के लिए हाल ही में वन विभाग से अनुमति भी मिल गई है। इसी तरह इटैड़ा गोलचक्कर पर यूटर्न का निर्माण और रोड को चौड़ा करने का अवशेष कार्य को शीघ्र पूरा करने को कहा है। यूटर्न और रोड के चौड़ीकरण हो जाने से ट्रैफिक की समस्या हल हो जाएगी। गौड़ सिटी वन व टू के बीच की रोड पर सब्जी मंडी के पास लगने वाले ट्रैफिक जाम को हल करने के लिए वर्क सर्किल एक की टीम सर्वे कर रही है। 130 मीटर रोड पर चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से कराने को कहा है। एक्सपो मार्ट के पीछे नासा पार्किंग से लेकर शारदा विश्वविद्यालय गोलचक्कर तक रोड को भी चौड़ा किया जाएगा। एक्सपो मार्ट में आयोजनों के दौरान ट्रैफिक जाम की समस्या होने लगती है। कासना बस डिपो के पास रोड यूटर्न का निर्माण भी शुरू हो गया। सीईओ ने ट्रैफिक की समस्या वाले अन्य जगहों का अध्ययन कर प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img