बुलंदशहर में मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, बदमाशों ने आवाज देकर रोका, फिर 5 गोली मारी

बुलंदशहर में मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, बदमाशों ने आवाज देकर रोका, फिर 5 गोली मारी

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी

बुलंदशहर में आज सुबह प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय वह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान बाइक सवार 2 बदमाशों ने उन्हें पीछे से रोका, 5 राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। उनकी पीठ पर 2 गोली लगी। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका 50 करोड़ से ज्यादा सालाना टर्नओवर था। घटना गुलावठी रोड स्थित इदरीस कॉलोनी के पास की है। गोली की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। वारदात के बाद बदमाश आराम से असलहा लहराते हुए फरार हो गए। किसी की उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं हुई। कुछ देर बाद वहां भीड़ लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अस्पताल भेजा, घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।

रंजिश में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली

यामीन सलमानी रोज की तरह रविवार सुबह भी साइकिल से सैर पर निकलते। तभी इदरीस कॉलोनी के पास हमलावरों ने उन्हें आवाज देकर रोका। यामीन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही यामीन जमीन पर गिर गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना किया और सबूत जुटाए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश जारी है। शुरुआती जांच में रंजिश का मामला सामने आ रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस बाइक सवार बदमाशों की धर-पकड़ के लिए कांबिंग कर रही है।

बड़ा बेटा गाजियाबाद, छोटा नोएडा का कारोबार संभालता है

काजीवाड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर यामीन सलमानी का कारोबार बुलंदशहर के अलावा जेवर, ककोड़, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में उनका कारोबार फैला है। परिवार भी काफी बड़ा है। वह चार भाई और तीन बहनों में सबसे बड़े थे।परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी, दो बेटे और पांच बेटियां हैं। उनकी तीन बेटी और दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। दोनों बेटी नोएडा से ग्रेजुएशन कर रही हैं। दोनों बेटे पिता का कारोबार सम्भालते हैं। बड़ा बेटा बिलाल गाजियाबाद और छोटा बेटा अमन नोएडा का कारोबार देखता है।

4 टीमें आरोपियों की तलाश में लगीं

एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि कोतवाली सिकंदराबाद क्षेत्र में सुबह प्रॉपर्टी डीलर की दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या की है। मौके पर फोरेंसिक टीम और एसओजी पहुंच गई है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। चार टीमों को लगाया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img