Prayagraj Triple Murder: प्रयागराज में दिल दहला देने वाला ट्रिपल मर्डर, संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर कुएं में फेंकी लाशें

Prayagraj Triple Murder: प्रयागराज में दिल दहला देने वाला ट्रिपल मर्डर, संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर कुएं में फेंकी लाशें

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक संपत्ति विवाद ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। गंगा नगर जोन के मऊआइमा थाना क्षेत्र के लोकपुर बिसानी गांव में बड़े बेटे ने अपने ही पिता, बहन और नाबालिग भांजी का अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के इरादे से तीनों शवों को कुएं में फेंक दिया।

घटना की जानकारी तब सामने आई जब बीते शुक्रवार रात करीब 11 बजे से तीन लोग अचानक लापता हो गए। लापता होने वालों में 55 वर्षीय राम सिंह, उनकी 21 वर्षीय बेटी साधना देवी और 14 वर्षीय नातिन शामिल थीं। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मऊआइमा पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी बड़ा बेटा मुकेश पटेल इस बात से नाराज था कि उसके पिता राम सिंह ने अपनी संपत्ति छोटे बेटे मुकुंद के नाम कर दी थी। इसी नाराजगी और लालच में आकर मुकेश ने पहले शनिवार को अपने छोटे भाई मुकुंद को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसने पिता, बहन और भांजी को अगवा कर लिया।

दो दिनों तक पुलिस द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस बीच पुलिस ने शक के आधार पर मुकेश पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से की गई पूछताछ में मुकेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने संपत्ति हथियाने की नीयत से अपने पिता, बहन और भांजी की हत्या की और तीनों शवों को गांव के कुएं में फेंक दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुएं से तीनों शवों को बरामद किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं कि कैसे संपत्ति के लालच में एक बेटे ने अपने ही परिवार को खत्म कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img