Prashant Tamang Death: अभिनेता और इंडियन आइडल विजेता प्रशांत तमांग के निधन पर दिल्ली पुलिस का बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Prashant Tamang Death: अभिनेता और इंडियन आइडल विजेता प्रशांत तमांग के निधन पर दिल्ली पुलिस का बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और अभिनेता प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। दिल्ली स्थित अपने आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि उन्हें स्ट्रोक आया था, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद प्रशांत तमांग की पत्नी उन्हें इलाज के लिए माता चानन देवी अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि पुलिस को रात करीब 3 बजकर 10 मिनट पर अस्पताल से एक एमएलसी प्राप्त हुई थी, जिसमें रघु नगर निवासी प्रशांत तमांग को मृत घोषित किए जाने की सूचना दी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एक इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर को अस्पताल भेजा गया, जहां उन्होंने एमएलसी की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद क्राइम टीम और एफएसएल की टीम प्रशांत तमांग के आवास पर पहुंची और वहां से जरूरी सबूत एकत्र किए गए, ताकि किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अंतिम पुष्टि की जाएगी।

प्रशांत तमांग ने इंडियन आइडल सीजन 3 जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। अपनी सादगी, आवाज और संघर्ष की कहानी के चलते वे लाखों लोगों के दिलों में जगह बना पाए थे। संगीत के साथ-साथ उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा था और अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी पहचान बनाई। अचानक हुए उनके निधन से उनके चाहने वाले सदमे में हैं और सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और बयान संभव होगा। प्रशांत तमांग की असमय मौत ने एक बार फिर सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img