Police Pensioners Room: सूरजपुर पुलिस लाइन में पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन में शनिवार को नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पुलिस संगठन की अमूल्य धरोहर हैं। उनके लंबे अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा भावना का उपयोग पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने में किया जा सकता है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एक सम्मानजनक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अपनी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पेंशनर्स कक्ष में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनने के साथ उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की परेशानी कम होगी और पुलिस संगठन के साथ उनका संवाद भी मजबूत होगा।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के पास कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसेवा और संगठनात्मक कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव होता है। इस अनुभव का लाभ वर्तमान पुलिस व्यवस्था को भी मिलना चाहिए।
पेंशनर्स कक्ष के माध्यम से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से पुलिस व्यवस्था, जनसेवा तथा संगठनात्मक कार्यों को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए जाएंगे। उनके उपयोगी अनुभवों और सुझावों को पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली में आवश्यकता के अनुसार इस्तेमाल करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने पेंशनर्स कक्ष की स्थापना के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का आभार व्यक्त किया और इसे सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि पेंशनर्स कक्ष उनके और पुलिस संगठन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिसकर्मी संगठन के साथ जुड़े रहेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक निर्धारित मंच उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय शैव्या गोयल और सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स शकील मोहम्मद समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान शाखा गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं पीपीएस वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर के समन्वयक सेवक राम यादव भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान के महासचिव एवं सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक रघुराज सिंह चौहान और संस्थान के कोषाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद अख्तर समेत कई सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि पेंशनर्स कक्ष के जरिए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े विषयों पर बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही उनके लंबे सेवाकाल के अनुभवों का उपयोग वर्तमान पुलिस व्यवस्था और जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने में करने का प्रयास किया जाएगा।


