Home Blog Page 15

Guru Ravidas: संत गुरु रविदास जी का समरसता संदेश आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री

Guru Ravidas: संत गुरु रविदास जी का समरसता संदेश आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री

रिपोर्ट :कोमल रमोला

चंडीगढ़ 7 अगस्त : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुषों की शिक्षाएं किसी एक समाज तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज द्वारा सदियों पूर्व दिया गया समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया है। यह अभियान 20 फरवरी, 2027 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचकूला में संत शिरोमंणी श्री गुरू रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर कार्यक्रमों हेतू गठित राज्य स्तरीय कमेटी की प्रथम समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अनेक चरणों में कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा ताकि संत शिरोमणि गुरू रविदास जी महाराज की शिक्षाओं और वाणि को घर घर और जन जन तक पंहुचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को मनाने का सौभाग्य मिला है। संत श्री गुरू रविदास जी ने ना केवल उस समय समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने का बीड़ा उठाया बल्कि समाज को नई दिशा देने का भी काम किया। हरियाणा सरकार द्वारा युवा पीढी को महापुरूषों की शिक्षाओं से अवगत करवाने के लिए संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार-प्रसार योजना शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत महापुरूषों की जयंतियों को सरकारी स्तर पर मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ 29 जुलाई को संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुआ, जहां पवित्र मिट्टी युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें देशभर के राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इसके पश्चात यह कलश राज्य, जिला और ग्राम स्तर तक पहुंचाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालु जन्मस्थली की पावन मिट्टी का स्थानीय मंदिरों की मिट्टी में विधिवत समावेश कर सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। वाराणसी से शुरू की गई कलश यात्रा पूरे देश में जा रही है। इसमें श्री गुरु रविदास जी के जन्मस्थान वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाई गई है। इसे हरियाणा के हर गांव, शहर व हर बस्ती में घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें भी गुरूग्राम में माता शीतला देवी की पावन नगरी में आयोजित कलश यात्रा में शामिल होने का सौभाग्य मिला है । उस अवसर पर उन्होंने श्रद्धा, आस्था और देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखा। आज उसी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए, उन्हें माता मनसा देवी की पावन भूमि पंचकूला से ’श्री गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करने का सौभाग्य मिला है। गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को प्रत्येक बस्ती, प्रत्येक परिवार तथा विशेष रूप से नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गत 29 जुलाई, 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। यह 20 फरवरी, 2027 तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय, मानवता एवं सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विभिन्न वर्गों को सामाजिक एकता के सूत्र में पिरोना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के अनुयायी केवल हरियाणा, पंजाब या काशी तक सीमित नहीं हैं। भारत के कोने-कोने से लेकर ब्रिटेन, कनाडा, अमेरिका, इटली, ऑस्ट्रेलिया और दुनिया के अनेक देशों तक लाखों श्रद्धालु उनकी वाणी से प्रेरणा लेते हैं। उनकी वाणी ने सीमाओं को नहीं, दिलों को जोड़ा है समाज को नहीं, पूरी मानवता को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने हमें एक अमर संदेश दिया था – “मन चंगा तो कठौती में गंगा।” यह संदेश हमें सिखाता है कि यदि नीयत साफ है, भाव पवित्र है और कर्म लोककल्याण के लिए है, तो साधारण से साधारण स्थान भी तीर्थ बन जाता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत शिरोमंणी श्री गुरू रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर कार्यक्रमों हेतू गठित राज्य स्तरीय कमेटी के सभी सदस्यों से पूरी संवेदनशीलता, समयबद्ध और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इस अभियान को जन जन तक पंहुचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग से समिति का गठन किया जाए ताकि कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों को कार्यक्रमो में सम्मलित किया जाएगा।

हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे देश में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में भी जनभागीदारी के साथ प्रकाश पर्व के आयोजन हेतु राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर लगभग पांच एकड़ भूमि पर संत श्री गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ होने वाला है।

Road Safety: गहरे गड्ढे में पलटा महिलाओं से भरा ई-रिक्शा, राहगीरों ने दिखाई इंसानियत, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला

Road Safety: गहरे गड्ढे में पलटा महिलाओं से भरा ई-रिक्शा, राहगीरों ने दिखाई इंसानियत, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला

नोएडा। यमुना सिटी क्षेत्र में बारिश के दौरान जर्जर सड़कें और जलभराव लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं। शुक्रवार को जेवर के खुर्जा पुल की सर्विस रोड पर गहरे गड्ढे में भरे पानी के कारण महिलाओं से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार खुर्जा पुल की सर्विस रोड लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क पर कई बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता। शुक्रवार को भी इसी कारण महिलाओं और अन्य यात्रियों से भरा ई-रिक्शा अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए ई-रिक्शे में फंसी महिलाओं और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों का कहना है कि समय रहते मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में स्याना डिग्री कॉलेज संस्थापक सत्यप्रकाश गोयल की पुण्यतिथि पर हवन-पूजन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : जनपद के स्याना डिग्री कॉलेज में गुरुवार को संस्थापक स्वर्गीय सत्यप्रकाश गोयल की पुण्यतिथि पर हवन-पूजन और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रों के बीच यज्ञ से हुई। महाविद्यालय परिवार ने यज्ञ में आहुति देकर संस्थापक को नमन किया और नए शैक्षणिक सत्र के सफल, मंगलमय एवं ज्ञानवर्धक संचालन की कामना की। वक्ताओं ने सत्यप्रकाश गोयल के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। कहा गया कि उन्होंने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रसार के लिए जो कार्य किया, वह आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सोच थी कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित हो।

प्राचार्य उजलेश कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, समय की पाबंदी और नैतिक आचरण से ही सफलता मिलती है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सहभागिता करें।

प्रबंधक उमेश गोयल ने कहा कि महाविद्यालय परिवार संस्थापक के सपनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और नए सत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

अध्यक्ष सुदेश त्यागी ने कहा कि शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हवन और पूजन से करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्रों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और जीवन कौशल के लिए भी तैयार करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने संस्थापक के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की और महाविद्यालय की निरंतर प्रगति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर प्रबंधक उमेश कुमार गोयल, अध्यक्ष सुदेश त्यागी, कोषाध्यक्ष वीर सिंह, उप-प्रबंधक राम निवास गुप्ता, प्राचार्य उजलेश कुमार अग्रवाल, उप-प्राचार्या अनीता गौड़, संभव सिंघल, निधि गुप्ता, प्रदीप कुमार, पुष्पेंद्र सिंह सहित महाविद्यालय के प्रवक्ता, छात्र और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में प्रबंधक उमेश गोयल ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Traffic Update: नोएडा के सेक्टर-132 से हटेगा गोलचक्कर, 10.25 करोड़ की परियोजना से 50 हजार लोगों को मिलेगी जाम से राहत

Traffic Update: नोएडा के सेक्टर-132 से हटेगा गोलचक्कर, 10.25 करोड़ की परियोजना से 50 हजार लोगों को मिलेगी जाम से राहत

नोएडा। नोएडा शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। सेक्टर-132 स्थित गोलचक्कर पर रोजाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम को समाप्त करने के उद्देश्य से प्राधिकरण ने 10.25 करोड़ रुपये की सड़क सुधार परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत मौजूदा गोलचक्कर को हटाकर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, कलवर्ट का निर्माण होगा और नया यू-टर्न विकसित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के पूरा होने के बाद करीब 50 हजार से अधिक लोगों को प्रतिदिन होने वाली जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

सेक्टर-132 नोएडा का एक प्रमुख संस्थागत क्षेत्र है, जहां कई बड़े शैक्षणिक संस्थान, कॉरपोरेट कार्यालय और अन्य संस्थाएं संचालित होती हैं। यहां 45 मीटर चौड़ी सड़क पर बना गोलचक्कर सुबह और शाम कार्यालय तथा स्कूलों के समय भारी ट्रैफिक का केंद्र बन जाता है। वाहनों की लंबी कतारें लगने से सेक्टर-168, 135, 134, 133, 130 और 129 की हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले हजारों लोगों के साथ-साथ स्कूल और कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है।

नोएडा प्राधिकरण की योजना के अनुसार, मौजूदा गोलचक्कर को पूरी तरह हटाकर उसकी जगह आधुनिक यातायात व्यवस्था के अनुरूप कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क को पहले से अधिक चौड़ा किया जाएगा, नया यू-टर्न बनाया जाएगा और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले मार्ग का भी विस्तार किया जाएगा। इन बदलावों से ट्रैफिक का प्रवाह बेहतर होगा और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।

अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। ट्रैफिक जाम कम होने से यात्रा का समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और सड़क पर होने वाली अव्यवस्था में भी कमी आएगी।

नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद सेक्टर-132 क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और तेज होगी। शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल किया गया है।

Greater Noida Accident: सरिया से लदा कैंटर अनियंत्रित होकर दुकान में घुसा, चालक की मौत, हाइड्रा मशीन से निकाला गया शव

Greater Noida Accident: सरिया से लदा कैंटर अनियंत्रित होकर दुकान में घुसा, चालक की मौत, हाइड्रा मशीन से निकाला गया शव

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया से लदे कैंटर के चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर जीटी रोड किनारे स्थित एक किराना दुकान में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस, दमकल विभाग और हाइड्रा मशीन की मदद से काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा थाना बादलपुर क्षेत्र के छपरौला स्थित जीटी रोड पर एक निजी स्कूल के सामने गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, सिकंदराबाद से रोहतक जा रहा सरिया से लदा कैंटर अचानक चालक का संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क किनारे स्थित महेश किराना स्टोर में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान और कैंटर दोनों को भारी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया और हाइड्रा मशीन की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र रामचंद्र सिंह निवासी ग्राम बड़ापुरा, थाना सोरों, जिला कासगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Greater Noida: उस्मानपुर गांव पहुंचा यमुना प्राधिकरण, कीचड़ और जलभराव की समस्याओं के समाधान का भरोसा

Greater Noida: उस्मानपुर गांव पहुंचा यमुना प्राधिकरण, कीचड़ और जलभराव की समस्याओं के समाधान का भरोसा

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के उस्मानपुर गांव में वर्षों से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने शुक्रवार को गांव का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कीचड़, जाम नालियों और जलभराव जैसी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।

सुबह करीब 11 बजे यमुना प्राधिकरण के सीनियर प्रबंधक वीपी सिंह अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ पूरे क्षेत्र का दौरा कर गलियों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह फैले कीचड़ और जलभराव की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि करीब 15 वर्ष पहले भूमि अधिग्रहण के समय गांव को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने का वादा किया गया था, लेकिन आज भी सड़क, नालियों और जल निकासी जैसी बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

निरीक्षण के दौरान वीपी सिंह ने कहा कि गांव की गलियों की सफाई जल्द कराई जाएगी। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि यह निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहेगा और लंबे समय से लंबित विकास कार्य जल्द शुरू होंगे। इस दौरान अलाउद्दीन हकीकत, शाहरुख चौधरी, सागर शर्मा, इस्माइल अधिवक्ता, मुरसलीम, वकील, रजा हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Uttarakhand : जनकल्याण, रोजगार, शिक्षा, श्रमिक हित और आधारभूत विकास को नई गति, धामी कैबिनेट के ऐतिहासिक फैसले

Dehradun : उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनकल्याण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, श्रमिक कल्याण, शिक्षा, न्यायिक आधारभूत संरचना, खेल, पर्यटन, पेयजल तथा औद्योगिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन निर्णयों की जानकारी महानिदेशक सूचना एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मीडिया को दी।

अब सामान्य वर्ग के पशुपालकों को भी गौ एवं भैंस खरीद पर मिलेगा अनुदान
कैबिनेट ने राज्य सेक्टर की गौ पालन योजना का दायरा बढ़ाते हुए सामान्य वर्ग के पशुपालकों को भी योजना से जोड़ने का निर्णय लिया। अब लाभार्थी गाय के साथ-साथ भैंस खरीदने का विकल्प भी चुन सकेंगे। पशु की यूनिट कॉस्ट 40 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दी गई है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लाभार्थियों को 90 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग को 60 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलेगी। इससे प्रथम वर्ष में लगभग 2128 पशुपालकों को लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार तथा पलायन रोकने में सहायता मिलेगी।

उत्तराखण्ड मजदूरी संहिता नियमावली-2026 को मंजूरी
कैबिनेट ने मजदूरी संहिता, 2019 के तहत उत्तराखण्ड मजदूरी संहिता नियमावली, 2026 लागू करने का निर्णय लिया। इसमें न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन, डिजिटल भुगतान तथा समान कार्य के लिए महिला एवं पुरुष को समान वेतन सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों के लिए नई संचालन नियमावली
समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित छात्रावासों के लिए संचालन नियमावली, 2026 लागू करने का निर्णय लिया गया। इससे अनुसूचित जाति एवं जनजाति के मेधावी छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवास, भोजन तथा सर्वांगीण विकास की सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।

ईको टूरिज्म को मिलेगा नया प्रोत्साहन
ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की संरचना में संशोधन किया गया। समिति में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जड़ी-बूटी प्रबंधन, कूड़ा नियंत्रण तथा स्थानीय समुदायों के बेहतर समन्वय को मजबूत किया जाएगा।

जीएसटी अधिनियम में संशोधन अध्यादेश को स्वीकृति
केंद्र सरकार द्वारा किए गए संशोधनों के अनुरूप उत्तराखण्ड माल एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 में संशोधन के लिए अध्यादेश लाने का निर्णय लिया गया, जिससे राज्य की कर व्यवस्था राष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप अद्यतन बनी रहेगी।

हल्द्वानी में हाईकोर्ट कॉम्प्लेक्स के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी
कैबिनेट ने हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में उपलब्ध 73 हेक्टेयर वन भूमि में से आवश्यकता अनुसार लगभग 40 हेक्टेयर भूमि उच्च न्यायालय परिसर के निर्माण हेतु हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।

राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के संचालन हेतु 122 पद सृजित होंगे
उत्तराखण्ड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (हल्द्वानी) के सुचारू संचालन के लिए 122 नियमित पदों के साथ आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से आवश्यक तकनीकी एवं सहायक पदों की स्वीकृति दी गई। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध होगा।

बंगाली अनुसूचित जाति सहायता कोष संचालन समिति में संशोधन
दिनेशपुर एवं शक्तिफार्म क्षेत्र के बंगाली मूल के अनुसूचित जाति समुदाय के हितों को ध्यान में रखते हुए सहायता कोष संचालन समिति में उपाध्यक्ष एवं सदस्य पदों पर उसी समुदाय से नामांकन का निर्णय लिया गया।

सहकारी समिति नियमावली से भेदभावपूर्ण प्रावधान हटेंगे
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखण्ड सहकारी समिति नियमावली, 2004 में संशोधन कर कुष्ठ रोग से संबंधित भेदभावपूर्ण प्रावधान हटाए जाएंगे तथा उनकी जगह मानसिक अक्षमता संबंधी न्यायालय द्वारा घोषित प्रावधान को शामिल किया जाएगा।

जल जीवन मिशन की योजनाओं के लिए नया हस्तांतरण प्रोटोकॉल लागू
ग्रामीण पेयजल योजनाओं की कमीशनिंग तथा ग्राम पंचायतों एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को हस्तांतरण हेतु भारत सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल को राज्य में लागू करने का निर्णय लिया गया।

वन विकास निगम में स्केलर भर्ती होगी अधिक पारदर्शी
उत्तराखण्ड वन विकास निगम सेवा (संशोधन) विनियमावली, 2026 लागू करते हुए स्केलर पदों के लिए 100 अंकों की लिखित परीक्षा का प्रावधान किया गया, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आयोग की चयन प्रणाली के अनुरूप होगी।

हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार का रास्ता साफ
उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड सरकार के बीच गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से हरिद्वार तक विस्तारित करने के लिए समझौता ज्ञापन किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक निवेश, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी।

उत्तराखण्ड औद्योगिक संबंध नियमावली-2026 को मंजूरी
कैबिनेट ने औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 के तहत उत्तराखण्ड औद्योगिक संबंध नियमावली, 2026 लागू करने का निर्णय लिया। इसमें औद्योगिक विवादों के समयबद्ध समाधान, ट्रेड यूनियनों की मान्यता, शिकायत निवारण समितियों का गठन, हड़ताल एवं तालाबंदी की स्पष्ट प्रक्रिया तथा श्रमिक री-स्किलिंग फंड जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किए गए हैं।

कैबिनेट के इन निर्णयों से प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, पशुपालकों की आय में वृद्धि, श्रमिकों के अधिकारों का संरक्षण, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं, खेल एवं न्यायिक आधारभूत ढांचे का विस्तार, ईको टूरिज्म को प्रोत्साहन, पेयजल प्रबंधन में सुधार तथा औद्योगिक एवं अवसंरचनात्मक विकास को नई दिशा मिलेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य जनकल्याण, पारदर्शी प्रशासन, रोजगार सृजन और समावेशी विकास को गति देना है।

Greater Noida: समाजसेवी महिला को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी, दनकौर पुलिस ने शुरू की जांच

Greater Noida: समाजसेवी महिला को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी, दनकौर पुलिस ने शुरू की जांच

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित दनकौर कस्बे की एक समाजसेवी महिला ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर दनकौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता सीमा सूर्यवंशी का कहना है कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लगातार उठाती हैं। उनका आरोप है कि इसी से नाराज एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

सीमा सूर्यवंशी ने दनकौर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग के जरिए महिलाओं को डराने-धमकाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

दनकौर पुलिस ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट की जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Noida Fire: 20वीं मंजिल पर तारों में लगी आग से मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला

Noida Fire: 20वीं मंजिल पर तारों में लगी आग से मची अफरातफरी, बड़ा हादसा टला

नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित मिग्शन अल्टीमो सोसाइटी में गुरुवार रात 20वीं मंजिल के कॉमन एरिया में बिजली के तारों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। हालांकि, सोसाइटी के निवासियों और सुरक्षा कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार, टावर-3 के 20वें फ्लोर के कॉमन एरिया में बिजली के तारों में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन उससे पहले ही स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर आग बुझा दी थी।

घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है और इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

सोसाइटी के लोगों ने फायर सेफ्टी सिस्टम की तत्काल जांच, आवश्यक मरम्मत और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Noida Airport Expressway: 22 गांवों की 80 करोड़ की जमीन NHAI को देगा नोएडा प्राधिकरण, 4 हजार करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार

Noida Airport Expressway: 22 गांवों की 80 करोड़ की जमीन NHAI को देगा नोएडा प्राधिकरण, 4 हजार करोड़ की परियोजना को मिली रफ्तार

नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और निर्बाध कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा प्राधिकरण अपने क्षेत्र के 22 गांवों की करीब 80 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निशुल्क उपलब्ध कराएगा। इसी जमीन पर प्रस्तावित एलिवेटेड एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे के पिलर बनाए जाएंगे। लगभग 50 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का करीब 27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा क्षेत्र से होकर गुजरेगा।

करीब 4 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह छह लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच यात्रा को तेज और सुगम बनाएगा। परियोजना का एलाइनमेंट सेक्टर-44, सेक्टर-99, सेक्टर-101, सेक्टर-109 के अलावा वाजिदपुर, झट्टा, बदौली बांगर, कोंडली, गढ़ी, मोमनाथन समेत 22 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के तीन गांव भी इस परियोजना का हिस्सा होंगे।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई को आवश्यक भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

सिंचाई विभाग से पुश्ता पर निर्माण की अनुमति नहीं मिलने के बाद परियोजना के एलाइनमेंट में बदलाव किया गया है। अब एक्सप्रेसवे को पुश्ता से लगभग पांच मीटर दूर नोएडा की ओर बनाया जाएगा। आगे चलकर इसे यमुना किनारे प्रस्तावित 120 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद मयूर विहार, अक्षरधाम, पड़पड़गंज, कालिंदी कुंज और सरिता विहार के लोगों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं मंझावली पुल के माध्यम से फरीदाबाद और हरियाणा के लोगों को भी एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

प्राधिकरण के अनुसार, एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके बाद मिट्टी की भार क्षमता का आकलन करने के लिए सॉयल टेस्ट कराया जाएगा। निर्माण कार्य और भविष्य में एक्सप्रेसवे के रखरखाव की जिम्मेदारी एनएचएआई की होगी।