राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Theft Case: नोएडा में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, जीजा-साला और सुनार गिरफ्तार; 3 लाख नकद समेत लाखों का सामान बरामद

Noida Theft Case: नोएडा में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, जीजा-साला और सुनार गिरफ्तार; 3 लाख नकद समेत लाखों का सामान बरामद

नोएडा। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने घरों में चोरी की दो बड़ी वारदातों का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य चोर, उसका जीजा और चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, तीन लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज, चोरी में प्रयुक्त कार, लोहे का सरिया और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 9 जून को एक महिला ने थाना सेक्टर-126 में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी कर ले गए। इससे पहले मई महीने में भी इसी क्षेत्र में एक अन्य घर से दो लैपटॉप, अमेजन किंडल और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। एडीसीपी Manisha Singh ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल जांच के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-131 स्थित गढ़ी शाहपुर पुश्ता रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम उर्फ काकू, राहुल शर्मा और सुनार सचिन वर्मा के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी शुभम मेरठ का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान शुभम ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और चोरी की वारदातों को अंजाम देने से पहले दिन के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। मौका मिलने पर वह लोहे के सरिये की मदद से ताला तोड़कर घरों में प्रवेश करता और नकदी, आभूषण तथा इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लेता था। आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी के बाद वह जेवरात अपने जीजा राहुल शर्मा को देता था। राहुल चोरी का माल सुनार सचिन वर्मा के माध्यम से बेचने की व्यवस्था करता था। जांच में यह भी सामने आया कि सचिन वर्मा को माल चोरी का होने की पूरी जानकारी थी, फिर भी लालच में उसने कुछ आभूषणों को गलाकर बेच दिया और बाकी खरीदने की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शुभम उर्फ काकू एक शातिर अंतरराज्यीय चोर है। उसके खिलाफ मेरठ और गौतमबुद्धनगर सहित कई जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका लंबा आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button