उत्तर प्रदेशराज्य

Noida theft case: नोएडा में कंपनी का 15 लाख का तैयार माल कबाड़ी को बेचने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

Noida theft case: नोएडा में कंपनी का 15 लाख का तैयार माल कबाड़ी को बेचने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में कंपनी से धोखाधड़ी कर तैयार माल कबाड़ी को बेचने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कंपनी का भरोसा तोड़ते हुए ऑर्डर के लिए तैयार किए गए धागे और थ्रेड कटर बाजार में बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

एडीसीपी सेंट्रल संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम धीरज सक्सेना है, जिसे पुश्ता मोड़ के पास न्यू उस्मानपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक धागा बनाने वाली कंपनी में कार्यरत था। कंपनी में यह धागा अन्य कंपनियों के ऑर्डर पर तैयार किया जाता था, जिसका उपयोग जूते की सिलाई में होता है।

कंपनी मालिक का विश्वास पात्र होने के कारण धीरज को ही तैयार माल की डिलीवरी की जिम्मेदारी सौंपी जाती थी। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने लालच में आकर 4 जनवरी को कंपनी से तैयार माल लिया और करीब 300 पेटी गायब कर दी। जब तय समय पर माल ऑर्डर देने वाली जगह नहीं पहुंचा, तो कंपनी मालिक को शक हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की जांच और पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने माल का एक हिस्सा दिल्ली में एक कबाड़ी को बेच दिया था, जबकि बाकी माल अपने पास छिपा रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में तैयार माल बरामद कर लिया है।

बरामद किए गए माल में 16 बोरे अलग-अलग आर्टिकल नंबरों के धागे, 116 पेटियां विभिन्न आर्टिकल नंबरों के धागे, 3236 बॉक्स धागे, तीन पारदर्शी पन्नी पैकेट रंगीन धागे और छह पेटियां थ्रेड कटर शामिल हैं। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है और माल खरीदने वाले कबाड़ी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button