Noida Sports: नोएडा में खेलों को नई उड़ान, तीन गांवों में बनाए जाएंगे कुश्ती अखाड़े

Noida Sports: नोएडा में खेलों को नई उड़ान, तीन गांवों में बनाए जाएंगे कुश्ती अखाड़े

नोएडा। पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और गांवों में उभर रही प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने सफार्बाद, सोरखा और पर्थला—इन तीन गांवों में अत्याधुनिक कुश्ती अखाड़ों के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। परियोजना पर कुल 2 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि अगले महीने इसके लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाएं बढ़ाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के मकसद से यह निर्णय लिया गया है। सीईओ डॉ. लोकेश एम ने भी इन गांवों में शेडेड कुश्ती अखाड़े और खेल गतिविधियों के लिए कमरे बनाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

अधिकारियों ने बताया कि सफार्बाद गांव के लिए सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट के पास, पर्थला गांव के लिए एफएनजी मार्ग पर खेल मैदान के नजदीक, और सोरखा गांव के लिए शिव गेट के पास अखाड़ा बनाया जाएगा। इस बजट से न केवल अखाड़ों का निर्माण होगा, बल्कि खेल परिसरों की चारदीवारी, शेड और आवश्यक कमरे भी तैयार किए जाएंगे।

400 से अधिक पहलवानों को मिलेगा लाभ
इन तीनों गांवों में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां 400 से अधिक पहलवान बने हुए अखाड़ों में अभ्यास करते हैं। सफार्बाद गांव के कुश्ती अखाड़ा संचालक सुखबीर पहलवान ने बताया कि सरकारी स्तर पर अखाड़ा निर्माण की पहल खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत है। खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाता है बल्कि बच्चों में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा भी पैदा करता है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर तक चमके हैं यहां के खिलाड़ी
सफार्बाद, सोरखा और पर्थला गांवों के पहलवानों ने राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपने प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सफार्बाद के मलखान पहलवान राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सात बार गोल्ड जीत चुके हैं। सुबोध पहलवान एशियाई स्तर पर एक बार गोल्ड और एक बार सिल्वर हासिल कर चुके हैं। उनके अलावा नरसिंह, आदेश, शेरू समेत कई पहलवान विभिन्न स्तरों पर पदक जीत चुके हैं।

नई खेल सुविधाओं के निर्माण से इन गांवों के उभरते खिलाड़ियों को और बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभा और अधिक निखरकर सामने आएगी।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img