Noida Police: नोएडा पुलिस एक्शन मोड में, एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र का औचक निरीक्षण
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा के एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने मंगलवार को सेक्टर-58 थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, और कंप्यूटर कक्ष का गहन जायजा लिया। एडीसीपी ने संबंधित कर्मचारियों को रिकॉर्ड को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने का आदेश दिया। महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को शिकायतों का तुरंत और गंभीरता से समाधान करने की हिदायत दी। उन्होंने थाना प्रभारी को प्रतिदिन क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
एडीसीपी ने थाना प्रभारी को लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करने की भी सलाह दी, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। एडीसीपी के इस निरीक्षण से पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी और पारदर्शिता लाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास नजर आ रहे हैं।


