Noida News: मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन, ओएसडी को सौंपा ज्ञापन

Noida News: मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों का ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन, ओएसडी को सौंपा ज्ञापन

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों और करप्शन फ्री इंडिया संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ आवाज बुलंद की। जुनेदपुर, रोशनपुर, झालडा, डाढा, बुलंदखेड़ा समेत आसपास के गांवों के लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए प्राधिकरण के ओएसडी राम नारायण सिंह को ज्ञापन सौंपा।

इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करप्शन फ्री इंडिया संगठन के प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर ने किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखी गईं, लेकिन अब तक उनका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ज्ञापन में गांवों में खराब और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कर चालू कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय अंधेरे के कारण लोगों को सुरक्षा संबंधी चिंताओं का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और जुनेदपुर स्थित हीस बाबा मंदिर परिसर में हाईमास्ट लाइटें लगाने की मांग भी की गई, जिससे क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीणों ने जुनेदपुर निवासी शहीद गुर्जर दरियाव सिंह नागर चौक के सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी। साथ ही गांवों के भीतर और संपर्क मार्गों के निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों के निर्माण एवं नियमित सफाई, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों की अनदेखी के कारण क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जलभराव और खराब सड़कों की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी राम नारायण सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सभी मांगों की संबंधित विभागों से जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान कुलबीर भाटी, राकेश नागर, रिंकू बैंसला, गौरव भाटी, मोहित प्रधान, इंद्रजीत भगत, संदीप नागर, शेखर, दर्शन नागर, जितेंद्र भाटी, सुशील नागर, अमनेश नागर, श्रवण नागर, राहुल नागर, केशव भगत, लीलू प्रधान, कमल नागर, नवाब सिंह, ऋषि, ऋतिक, देवेंद्र प्रधान, मन्नड, गौरव नागर, रमेश नागर, मोहित नागर, सुरेंद्र नागर, रिंकू, दीपक नागर, अरुण, आशु पंडित और मोंटी नागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img