Noida: आम्रपाली सोसाइटी में बढ़ा हुआ रखरखाव शुल्क वापस, निवासियों के विरोध के बाद एओए का बड़ा फैसला

Noida News: आम्रपाली सोसाइटी में बढ़ा हुआ रखरखाव शुल्क वापस, निवासियों के विरोध के बाद एओए का बड़ा फैसला

नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सोसाइटी की प्रिंसिले एस्टेट सोसाइटी में रविवार को आयोजित एओए की जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) में निवासियों के भारी विरोध के बाद बढ़ाया गया रखरखाव शुल्क वापस लेने का फैसला किया गया। इस फैसले के बाद सोसाइटी के हजारों निवासियों ने राहत की सांस ली है। बैठक के दौरान एओए पदाधिकारियों और निवासियों के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली।

दरअसल, सोसाइटी के निवासियों ने पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ाए जा रहे रखरखाव शुल्क को लेकर नाराजगी जताई थी। लोगों का आरोप था कि एओए बिना पारदर्शिता के बार-बार शुल्क बढ़ा रही है और आय-व्यय का पूरा हिसाब भी साझा नहीं किया जा रहा। इसी मुद्दे को लेकर निवासियों ने जिलाधिकारी और डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि पहले सोसाइटी में 1.90 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से रखरखाव शुल्क लिया जाता था। इसके बाद इसे बढ़ाकर 2.20 रुपये प्रति स्क्वायर फीट कर दिया गया। वहीं, एक मई से इसे फिर बढ़ाकर 2.50 रुपये प्रति स्क्वायर फीट लागू कर दिया गया। लगातार दो बार शुल्क बढ़ाए जाने से निवासियों में नाराजगी बढ़ गई थी।

निवासियों का कहना था कि बढ़े हुए शुल्क के बावजूद सोसाइटी में सुविधाओं में कोई खास सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। साथ ही एओए की ओर से आय और व्यय का पूरा विवरण भी साझा नहीं किया जा रहा, जिससे लोगों के बीच अविश्वास की स्थिति बन गई। कई निवासियों ने एओए पर अन्य प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप भी लगाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी रजिस्ट्रार ने एओए को नोटिस जारी किया और दो सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा। इसके बाद रविवार को एओए ने जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई। बैठक सुबह करीब साढ़े 10 बजे शुरू हुई और दोपहर साढ़े 12 बजे तक चली। इस दौरान बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे और उन्होंने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

बैठक में निवासियों ने एओए से रखरखाव शुल्क बढ़ाने का आधार पूछा और आय-व्यय का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। काफी बहस और विरोध के बाद एओए ने आश्वासन दिया कि दो से तीन सप्ताह के भीतर सभी सवालों के जवाब और वित्तीय विवरण निवासियों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

सबसे अहम फैसला यह रहा कि एक मई से लागू किया गया 30 पैसे प्रति स्क्वायर फीट अतिरिक्त रखरखाव शुल्क तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया। अब सोसाइटी के निवासी पहले की तरह 2.20 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से ही शुल्क जमा करेंगे। इस फैसले के बाद बैठक में मौजूद लोगों ने राहत जताई और पारदर्शिता बनाए रखने की मांग दोहराई।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img