Noida Suicide Case: मामूरा में युवती की मौत, शादी और रुपये के विवाद में युवक पर मुकदमा
एक युवक ने युवती को प्रेमजाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा दिया और उससे 3.70 लाख रुपये ठग लिए। वह कर्ज के बोझ तले दबी युवती को परेशान करने लगा। युवती ने सोमवार शाम मामूरा गांव में फंदा लगाकर जान दे दी। युवती के भाई ने फेज-3 थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी इंदरप्रीत सिंह कपूर ने पुलिस को बताया कि बहन सिमरनजीत कौर कपूर नोएडा के मामूरा गांव में किराये के कमरे में रहती थी। वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। वह रोजाना मां से फोन पर बात करती थी।
सोमवार शाम करीब सात बजे मां ने फोन पर बताया कि सिमरनजीत कौर फोन नहीं उठा रही। वह उसे देखने के लिए रात करीब 12 बजे मामूरा गांव पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो सिमरनजीत कौर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी थी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा। पुलिस को मौके से दो मोबाइल फोन और एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में लिखा था कि उसने साहिल नामक लड़के को 3.70 लाख रुपये उधार दिए। इसके बावजूद वह उसे परेशान कर रहा है। वह उसे मनहूस और बोझ बता रहा है, इसलिए वह आत्महत्या कर रही है। नोट में सिमरन ने परिजनों से भी माफी मांगी। साथ ही, साहिल से रुपये वापस लेने की मांग की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सिमरन ने उन्हें साहिल के बारे में कई बार बताया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। साहिल ने शादी करके साथ रहने का वादा किया था। अब साहिल शादी करने से इनकार कर रहा था। साथ ही धमकी भी दे रहा था। इसके चलते सिमरन मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिजनों का आरोप है कि सिमरन ने साहिल पर विश्वास करके रुपये उधार दिए, लेकिन वह अब रुपये नहीं लौटा रहा था। साहिल ने सिमरन के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके कुछ खरीदा था, जिसकी ईएमआई सिमरन प्रतिमाह जमा कर रही थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




