Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस चौकी शुरू, 15 नवंबर को सीएम योगी के दौरे की संभावना
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के उद्घाटन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के लिए प्रशासन ने अस्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की है। इस चौकी में एक इंस्पेक्टर सहित 12 पुलिसकर्मियों की टीम को चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात किया गया है। यह कदम आगामी उद्घाटन समारोह को देखते हुए उठाया गया है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 22 नवंबर के बाद किसी भी दिन एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। वहीं, एयरपोर्ट को जल्द ही डीजीसीए (DGCA) से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने की संभावना है, जिसके बाद दिसंबर माह से पहली उड़ान शुरू हो सकती है। इस बीच, एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा और संचालन की तैयारियों को लेकर सोमवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में सूरजपुर स्थित कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ आर.के. सिंह, YIAPL के सीईओ क्रिस्टोफ श्लमैन, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। बैठक में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विमानों की लैंडिंग योजना, जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, और भीड़ प्रबंधन रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
15 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संभावित दौरा
बैठक के दौरान यह भी चर्चा हुई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभवतः 15 नवंबर तक एयरपोर्ट का दौरा कर सकते हैं, ताकि तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया जा सके। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के संभावित आगमन मार्ग, जनसभा स्थल और सुरक्षा घेराबंदी की रूपरेखा भी तय की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार
एयरपोर्ट परिसर में स्थापित नई पुलिस चौकी के साथ-साथ प्रवेश द्वारों पर चेकिंग प्वाइंट, मेटल डिटेक्टर, वायरलेस नेटवर्क सिस्टम, और CCTV निगरानी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सुरक्षा जांच को और सख्त किया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं ताकि उद्घाटन समारोह में किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक या अव्यवस्था की गुंजाइश न रहे।
इस बीच, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। यह एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए विकास की नई उड़ान साबित होगा।


