Noida Hospital Controversy: ऑपरेशन के लिए रुपये मांगने के आरोप, जांच शुरू
नोएडा जिले के जिला अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर 32 हजार रुपये मांगने के आरोप लगे हैं। मरीज के परिजनों का कहना है कि इसके अलावा 20 हजार रुपये और मांगे गए, लेकिन वह राशि नहीं दी गई। इस मामले की शिकायत मरीज के परिजनों ने जिला अस्पताल के सीएमएस, सीएमओ और जिलाधिकारी से की है।
मामला कासगंज निवासी इंद्रजीत कुमार सिंह से जुड़ा है। उनके ससुर गणेश सिंह 10 फरवरी को सीढ़ियों से गिर गए और उन्हें उसी दिन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच रिपोर्ट के बाद ऑपरेशन की प्रक्रिया बताई गई और 17 फरवरी को ऑपरेशन करने का समय तय हुआ। उसी दिन डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए 32 हजार रुपये मांगे, जिसे मरीज की पत्नी पूनम देवी ने जमा कर दिया।
हालांकि मरीज को ऑपरेशन थियेटर में ले जाने के बाद ब्लड प्रेशर बढ़ने का हवाला देते हुए ऑपरेशन नहीं किया गया। अगली तिथि 18 फरवरी तय की गई, लेकिन एनेस्थिसिया (PAC) विभाग की ओर से 20 हजार रुपये अतिरिक्त मांगे गए। जब राशि देने से इनकार किया गया तो PAC की रिपोर्ट फेल बताकर ऑपरेशन नहीं किया गया और मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर करने की बात कही गई। मरीज की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
डॉक्टरों से बातचीत में यह पता चला कि मरीज को हृदय संबंधी बीमारी भी है, जो ऑपरेशन न करने का एक कारण हो सकता है। जिला अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए टीम बनाई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय राणा ने कहा कि जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के सभी पहलू स्पष्ट होंगे।


